जम्मू : जम्मू में पाकिस्तान से लगी सीमा पर शनिवार को शांति रही, लेकिन एलओसी पर पाकिस्तान ने फिर से गोलीबारी की। पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले से लगी नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी की।

एक सीनियर पुलिस अफसर ने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने पुंछ जिले में एलओसी के शाहपुर करनी क्षेत्र में शनिवार दोपहर सीजफायर तोड़ा। उन्होंने कहा कि भारतीय चौकियों को निशाना बनाने के लिए पाकिस्तानी सेना ऑटोमेटिक हथियारों का इस्तेमाल कर रही है। गोलीबारी दोपहर 12:45 बजे शुरू हुई, जो अब भी जारी है। भारतीय सेना मुंहतोड़ जवाब दे रही है। दूसरी तरफ सीमा पर शनिवार और शुक्रवार को माहौल शांत रहने से सीमा से लगे गांवों में शांति बहाल होने की उम्मीद की जा रही है।

एक अधिकारी ने कहा, 'अगर आने वाले दिनों में सीमा पर स्थिति शांतिपूर्ण रहती है, तो राहत शिविरों में रहने वाले लोग जल्द अपने घर वापस आ जाएंगे। गौरतलब है कि सीमा पर 6 अक्टूबर से गोलीबारी में आठ भारतीय नागरिकों की मौत हो चुकी है, जबकि 60 से भी ज्यादा लोग घायल हुए हैं।