
मैनपुरी | कुरावली , गांव गोकुलपुर स्थित ससुराल से पत्नी को बुलाने आए युवक ने जहर खाकर जान दे दी। पत्नी ने साथ जाने से इंकार कर दिया था इसी बात से क्षुब्ध होकर उसने आत्महत्या कर ली। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक के पिता की तहरीर पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
थाना क्षेत्र के गांव गोकुलपुर निवासी करण सिंह ने अपनी पुत्री ज्योती की शादी मुनेश कुमार निवासी गांव नौरंगाबाद थाना सिकंदराराऊ हाथरस के साथ की थी। करीब एक सप्ताह पूर्व ज्योती छोटी बहन की सगाई में शामिल होने के लिए मायके गोकुलपुर आई थी। मुनेश कुमार ज्योती को वापस लेने के लिए ससुराल पहुंच गया। ज्योती ने मायके में कुछ दिन और रुकने की कह कर साथ जाने से इंकार कर दिया।
बस इसी बात से नाराज मुनेश ने जेब में रखी जहर की पुड़िया निकाल कर खा ली। उसकी तबियत खराब हुई तो घर में कोहराम मच गया। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। लेकिन यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सुबह प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र नाथ मिश्रा पुलिस बल के साथ पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। मृतक के पिता नेम सिंह की ओर से मौत का कारण जानने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराने की तहरीर दी गई। इसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।