रांची। बीते कुछ दिनों से राजधानी रांची समेत आसपास के जिलों में लोगों को तपिश भरी गर्मी से राहत मिल रही है। रांची के आसपास के जिलों में हुई वर्षा ने तापमान गिरा दिया है। रविवार को हजारीबाग में सबसे अधिक वर्षा 30.6 मिमी हुई। जबकि रांची में खिली धूप का असर देखा गया, लेकिन तपिश कम होने से लोगों को राहत मिल रही है।

आज भी कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ होगी हल्‍की वर्षा

मौसम विज्ञान केंद्र रांची के पूर्वानुमान में बताया गया है कि 14 मई तक राजधानी समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहेंगे। साथ ही मेघगर्जन के साथ वज्रपात को ले यलो अलर्ट भी जारी किया गया है। बता दें कि 13 मई को राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्से देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, गिरिडीह और साहिबगंज के साथ दक्षिणी हिस्से पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां में मेघगर्जन के साथ हल्की वर्षा हो सकती है।

अगले कुछ दिनों में फिर से बढ़ेगा तापमान

14 मई को उत्तर पूर्वी क्षेत्रों में यही स्थिति बनी रहेगी। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा बहने की भी संभावना है। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि राजधानी समेत पूरे राज्य में अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले तीन दिनों में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तापमान बढ़ सकता है।

ऐसा रहा मौसम

पिछले 24 घंटे में राज्य में अधिकांश जगहों पर मेघगर्जन और आंधी के साथ मध्यम दर्जे की वर्षा हुई। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस डाल्टेनगंज का, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस रांची का रिकाॅर्ड किया गया। वहीं राजधानी रांची में अधिकतम 34.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकाॅर्ड किया गया।