सुनील बंसल ने दिया रूठों को मनाने का मंत्र, हारी सीटों को भी जीतने का दिखाना होगा हुनर
भाजपा पूरी तरह मिशन 2022 के मोड में आ गई है। मुरादाबाद पहुंचे भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने तीन जिलों के जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक में विस्तार से चर्चा की। 2017 से बेहतर प्रदर्शन के लिए कहा जनता के बीच लगातार रहें। जो सीटें जीते थे उन्हें तो बरकार रखना ही होगा। जो हार गए थे उनको जीतने का हुनर दिखाएं। सरकार ने जो काम करवाए हैं उनको प्रसारित करने की जरूरत है। लखनऊ में पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष के दौरे के कुछ ही दिन बाद अब प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल, प्रदेश के सह प्रभारी संजीव चौरसिया के साथ यूपी दौरे पर निकल पड़े हैं। सुनील बंसल ने बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर जिलों के जनप्रतिनिधियों और संगठन के जिलाध्यक्षों से कहा आपस में तालमेल बना कर काम करें। पार्टी के जो असंतुष्ट हैं पहले उनको मनाएं। लावार समीक्षा में उन्होंने कहा कि जो सीटें पिछली बार जीतीं उनके अलावा कौन सी सीटें और जीती जा सकती हैं इसके लिए काम करें। नियोजन, रणनीति और प्रबंधन पर जोर देते हुए उन्होंने सरकार की उपलब्धियां लेकर जनजन तक पहुंचाने की जरूरत बताई। हारी सीटें भी मेहनत से जीत सकते हैं। बंसल ने कहा कि कोविड प्रबंधन और मुफ्त टीकाकरण मामूली काम नहीं है इसे जनजन तक पहुंचाएं। वोटर लिस्ट दुरुस्त करवाएं। अब बैठने का वक्त नहीं है। सरकार ने इतना काम कर दिया है कि आपको सिर्फ जनता के बीच पहुंच कर उनसे लगातार संपर्क बनाना है। अगर सभी जनप्रतिनिधि अपना क्षेत्र संभाल लेंगे तो मुश्किल नहीं होगी। बैठक में पश्चिम क्षेत्र के अध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने भी विचार रखे।
रामपुर मुरादाबाद की हर सीट पर लगाया गुणाभाग
रामपुर और मुरादाबाद महानगर जिले की बैठक एक साथ हुई। सामूहिक रूप से इन जिलों में मौजूदा सीटों और 2022 में संभावित परिणामों, कमजोरी आदि पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रदेश महामंत्री और सह प्रभारी ने सीटवार गणित भी पूछा। कहा मिलकर अभी से काम करेंगे तभी सफलता मिलेगी। बैठक में पंचायतराज मंत्री भूपेंद्र सिंह, बल्देव औलख, महापौर विनोद अग्रवाल,एमएलसी डा. जयपाल सिंह व्यस्त, विधायक रितेश गुप्ता, राजेश चुन्नू, जिले के प्रभारी वाईपी सिंह व सुरेंद्र नागर, जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह चौहान, महानगर अध्यक्ष धर्मेंद्र मिश्रा, रामपुर के अध्यक्ष अभय गुप्ता, विधायक राजबाला, राजीव सिसौदिया मौजूद रहे।
उप चुनाव में हारी सीट दोबारा झोली में लाएं
मुरादाबाद। बिजनौर जिले की समीक्षा में प्रदेश महामंत्री संगठन ने जनप्रतिनिधियों से बात की। उप चुनाव में गंवाई नूरपूर समेत जिले की सभी सीटों पर जीत सुनिश्चत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह तभी संभव है जब सत्ता संगठन का तालमेल होगा। आपस में किसी तरह की खींचतन नहीं होगी। सुनील बंसल ने कहा कि वोटर लिस्ट दुरुस्त करवाएं। कोविड से बचाव में काम करें। पब्लिक कनेक्ट लगातार रखें। हमारा मैनेजमेंट बेहतर होगा तो जीत सुनश्चित होगी। प्रदेश के परिवहन राज्य मंत्री अशोक कटारिया, जिला प्रभारी विजयपाल सिह तोमर, जिलाध्यक्ष सुभाष वाल्मीकि, नहटौर विधायक ओम कुमार, धामपुर विधायक अशोक राणा, बढ़ापुर विधायक सुशांत सिंह, बिजनौर विधायक सुची चौधरी और चांदपुर विधायक कमलेश सैनी मौजूद
इस तरह जनता को बताएं
कौन कौन सी सड़कें भाजपा के शासन में बनवाई गईं
बिना भेदभाव लोगों को नौकरी दी आंकड़े सहित बताएं
कानून व्यवस्था की स्थिति पहले और अब कितनी बेहतर
कितने लोगों तक दवाई पहुंची और टीकाकरण किया
भाजपा कार्यकर्ताओं ने कविड में क्या क्या काम किया
सरकार की ओर से कितने लोगों को लाभान्वित किया
अस्पतालों को गोद लेकर कहां कहां संवारा गया
भत्ता और विभन्न पेंशन कितने लोगों तक पहुंचाई गई