
ग्वालियर| जिले के अटेर थाना क्षेत्र में एक महिला ने एक साल पहले अपने बहनोई पर दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया। इसके बाद रेप पीड़िता का पति घर छोड़कर नानी के घर रहने चला गया वहीं विवाहिता भी अपने मायके में रहने लगी थी। बीते रोज महिला फिर से थाने पहुंची और ससुरालियों पर दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज करा दिया। जानकारी के अनुसार अटेर थाना क्षेत्र के गण रोहन्दा निवासी बघेल एक युवक का विवाह वर्ष २०१७ में भिंड शहर के वीरेंद्र नगर में रहने वाली युवती से हुआ था। पहले तक परिवार में सब कुछ अच्छा चला था। एक साल पहले विवाहिता ने ग्वालियर में रहने वाले अपने नंदोई पर दुष्कर्म का मामला दर्ज करा दिया। इसके बाद विवाहिता का पति ने अपना घर छोड़ दिया और वो नानी के घर मां के साथ जाकर रहने लगा।दुष्कर्म के मामले में फंसे दामाद जेल गया तो बेटी की मदद के लिए विवाहिता का ससुर ग्वालियर जाकर रहने लगा। बीती रोज विवाहिता अपनी मां के साथ थाने आई और पति, सास व ससुर के खिलाफ दहेज में दो लाख की नकदी और कार की मांग को लेकर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।