बरवाअड्डा (धनबाद)। धनबाद में शुक्रवार की दोपहर धैया में प्रभातम मॉल के समीप फिर सांसद ढुलू महतो के समर्थकों और कांग्रेस नेता रणविजय सिंह के पुत्र रणवीर सिंह के समर्थकों के बीच सड़क पर ही हिंसक झड़प हो गई।
पुलिस-प्रशासन को चुनौती देते हुए हफ्ते भर के भीतर ही इस बार दोनों के समर्थकों ने जमकर एक-दूसरे पर पथराव किया। इससे इलाके में अफरातफरी मच गई और आसपास के दुकानदारों ने अपनी दुकानों के शटर गिरा दिए। कुछ देर के लिए प्रभातम मॉल को भी बंद करना पड़ा।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
उधर, सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के समर्थकों को खदेड़ने के लिए जमकर लाठियां चटकाईं। इसके बाद दोनों के समर्थक भाग निकले। प्रभातम मॉल के पास दोनों पक्षों से समर्थकों का जुटान होने की खबर दोपहर ढाई बजे से ही थी।
कहा जा रहा है कि सांसद समर्थकों को रणविजय सिंह के पुत्र रणवीर सिंह की ओर से मुकाबला करने की चुनौती दी गई थी। वाट्सएप पर संदेश भेजकर कहा गया था कि हिम्मत है तो तीन बजे प्रभातम मॉल के पास आकर फरिया लो।
इसके बाद सांसद समर्थक प्रभातम मॉल के पास आ डटे। वहां सांसद समर्थक प्रेम महतो के साथ लोग मोर्चा संभाले खड़े थे। वहीं रणविजय सिंह के धैया स्थित आवास के पास भी उनके पुत्र के समर्थक डटे हुए थे। फिर रणवीर के साथ लोग मॉल के पास आ गए। वहां आमना-सामना होते ही पथराव शुरू हो गया।
इससे भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर खूब पथराव किया। दोनों के बीच कई नकाबपोश भी थे जो संभवत: हथियारबंद थे। पथराव के थोड़ी ही देर के बाद ही रणवीर सिंह अपने समर्थकों के साथ लौट गए, वहीं सांसद समर्थक मॉल के बाहर नारेबाजी करने लगे।
लाठी चार्ज के बाद मची भगदड़
इस बीच सूचना पाकर धनबाद, बरवाअड्डा समेत कई थानों की पुलिस पहुंच गई और नारेबाजी कर रहे सांसद समर्थकों पर लाठी चार्ज कर दिया। इससे भगदड़ मच गई और सभी भागने लगे। मॉल के आसपास खड़े कई आम लोग भी पुलिस की लाठियों का शिकार बन गए।
पुलिस ने सभी दुकानों में बैठे लोगों को खदेड़ दिया। बता दें कि पिछले शुक्रवार को सांसद समर्थक प्रेम महतो और रणवीर सिंह के बीच प्रभातम मॉल में ही गाड़ी निकालने को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला था। इसी घटना को लेकर दोनों पक्षों में विवाद कायम था।
पुलिस ने मॉल के पास से सांसद ढुलू महतो के समर्थक प्रेम महतो समेत दो अन्य को हिरासत में ले लिया है। सांसद समर्थक प्रेम महतो के नेतृत्व में ही मौके पर लोग जुटे थे। इसके बाद पुलिस ने रणविजय सिंह के आवास के पास से भी तीन लोगों को पकड़ा। सभी से थाने में पूछताछ की जा रही है।