मिनी आइप अभी हैदराबाद की जोनल मैनेजर हैं। वे LIC में तीसरी महिला MD होंगी इससे पहले ऊषा सांगवान पहली महिला MD बनी थीं, फिर सुनिता शर्मा बनी थीं
 

मुंबई देश की सबसे बड़ी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के दो नए MD के नामों की सिफारिश बैंक बोर्ड ब्यूरो ने कर दी है। अब इसके बाद अप्वाइंटमेंट ऑफ कैबिनेट कमिटी (ACC) से इन्हें मंजूरी मिलेगी। इसमें आइप मिनी और बीसी पटनायक के नामों की सिफारिश की गई है। जबकि दो नाम रिजर्व में हैं। इसमें एक दिनेश भगत और दूसरे प्रकाश चंद हैं।

LIC में 4 MD के पद हैं

दरअसल LIC में 4 MD के पद हैं। इसमें से एक MD का पद जनवरी में खाली हुआ था। टीसी सुशील कुमार की जगह पर LIC हाउसिंग के CEO एस. के. मोहंती को 1 फरवरी को MD बनाया गया था। अब जून में LIC की दूसरे MD का पद खाली होगा। जून में इसके चेयरमैन एम.आर कुमार रिटायर होंगे। उनकी जगह पर एस.के मोहंती चेयरमैन की रेस में सबसे आगे हैं। उनके पास ढाई से तीन साल का कार्यकाल बचा होगा।

हालांकि वर्तमान MD में मोहंती सबसे जूनियर हैं। पर उन्हें चेयरमैन इसलिए बनाया जाएगा क्योंकि उनके पास रिटायरमेंट के लिए काफी समय है। नियम के अनुसार 2 साल का जिनके पास समय होता है, वे चेयरमैन पद के दावेदार होते हैँ।

1 जुलाई को मिनी आइप MD का पद संभालेंगी

मोहंती के चेयरमैन बनने के बाद जो MD की पद खाली होगी, उनकी जगह पर आइप मिनी को नियुक्त किया जाएगा। उसके बाद जुलाई में विपिन आनंद रिटायर होंगे। उनकी जगह पर बीसी पटनायक को नियुक्त किया जाएगा। इसके बाद सितंबर में तीसरे MD मुकेश गुप्ता रिटायर होंगे और उनकी जगह पर रिजर्व नाम में से दिनेश भगत को लाया जाएगा। जबकि अगले साल रिटायर होने वाले राजकुमार की जगह पर प्रकाश चंद को लाया जाएगा।

सभी टॉप पद भरने की तैयारी

इस तरह देखा जाए तो अगले 3 सालों के लिए कम से कम LIC के सभी टॉप पदों को सरकार भरने की तैयारी कर दी है। यहां तक कि अगले साल के लिए अभी से ही उसने नाम भी तय कर दिया है। एक तरह से LIC में पूरा टॉप मैनेजमेंट नया हो जाएगा। राजकुमार के पास ही LIC के IPO की जिम्मेदारी है क्योंकि उनके पास काफी समय अभी है। इसी वित्त वर्ष में LIC का IPO आने की उम्मीद है। सरकार इसके जरिए 90 हजार करोड़ रुपए जुटाना चाहती है।

एम.आर. कुमार जोनल मैनेजर से चेयरमैन बनाए गए थे

एम.आर. कुमार मार्च 2019 में चेयरमैन बनाए गए थे। उससे पहले वे दिल्ली के जोनल मैनेजर थे। LIC के इतिहास में पहली बार किसी जोनल मैनेजर को चेयरमैन बनाया गया था। इससे पहले जो चेयरमैन बनते थे वे MD होते थे। मिनी आईपे हैदराबाद की जोनल मैनेजर हैं, जबकि दिल्ली के जोनल मैनेजर दिनेश चंद्र भगत हैं।

2013 में भी पूरा टॉप मैनेजमेंट बदला था

इससे पहले 2013 में भी कुछ ही महीनों में LIC का पूरा टॉप मैनेजमेंट बदला था। जून 2013 में एस.के. रॉय चेयरमैन बने थे। उससे पहले वे एक महीने MD रहे थे। तब सबसे सीनियर MD सुशोभन सरकार थे, लेकिन चेयरमैन एस.के. रॉय को बनाया गया। नई टीम में MD के रूप में वी.के. शर्मा, ऊषा सांगवान और एस.बी. मैनक आए थे। वी.के. शर्मा LIC हाउसिंग फाइनेंस के MD थे। ऊषा सांगवान और एसबी मैनक ED थे। एस.के. रॉय की नियुक्ति 5 साल के लिए हुई थी, लेकिन उन्होंने जून 2016 जून में इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद वीके शर्मा को चेयरमैन बनाया गया था।