नई दिल्ली देश में कोरोना की दूसरी लहर के बीच इसकी तीसरी लहर आने की भी बात होने लगी है। यह बात केंद्र सरकार की ओर से ही आई है। हालांकि, सरकार भी इस पर एक राय नहीं बना पा रही है। दो दिन पहले तीसरी लहर की चेतावनी देने वाले प्रिंसिपल साइंटिफिक एडवाइजर विजय राघवन शुक्रवार को फिर मीडिया के सामने आए। उन्होंने कहा कि यदि हम मजबूत उपाय करते हैं, तो हो सकता है कि कोरोना की तीसरी लहर सभी जगहों पर न आए या कहीं न आए।

राघवन ने कहा कि यह बहुत कुछ इस बात पर निर्भर करता है कि लोकल लेवल पर, राज्यों में, जिलों में और शहरों में गाइडलाइंस कितने प्रभावी ढंग से लागू होती हैं। हालांकि, विजयन ने अपनी ओर से कोई उपाय नहीं बताए। उन्होंने सिर्फ गाइडलाइंस की बात कही।

राघवन ने बुधवार को कहा था कि कोरोना की तीसरी लहर भी जरूर आएगी। वायरस का संक्रमण अपने सबसे ऊंचे लेवल पर है। अभी यह तय नहीं है कि तीसरी लहर कब आएगी और कितनी खतरनाक होगी, लेकिन हमें नई लहर के लिए तैयार रहना होगा।

गृह मंत्रालय ने कुछ दिन पहले जारी की थी नई गाइडलाइंस

कोरोना के मामले तेजी से बढ़ने के बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कुछ दिन पहले ही राज्यों के लिए नई गाइडलाइंस जारी की है। इसमें कहा गया था कि अब राज्य सरकारों को सख्ती बरतनी होगी। एडवाइजरी के मुताबिक, किसी इलाके का पॉजिटिविटी रेट लगातार एक सप्ताह तक 10% आता है या कहीं अस्पतालों में 60% बेड भर जाते हैं तो वहां 14 दिन की सख्त पाबंदियां लगाएं। राज्यों को जिलों में छोटे-छोटे कंटेनमेंट जोन बनाने की सलाह दी गई है। साथ ही एंटीजन टेस्ट बढ़ाने पर जोर दिया गया है।

9 राज्यों में बढ़ रहे केस
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार, हरियाणा, उड़ीसा और उत्तराखंड में कोरोना के नए मामले बढ़ रहे हैं। देश में 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 15% से ज्यादा पॉजिटिविटी रेट है। 9 राज्यों में 5 से 15% और 3 राज्यों में 5% से कम पॉजिटिविटी रेट है। 12 राज्यों में 1 लाख से ज्यादा एक्टिव केस हैं। देश में 16.96% एक्टिव केस हैं। लगभग 82% रिकवर हो चुके हैं। डेथ रेट महज 1.09% है।

कनार्टक में सोमवार से दो हफ्ते का लॉकडाउन

कर्नाटक में सरकार ने 2 हफ्ते के लॉकडाउन की घोषणा की है। सोमवार से इसकी शुरुआत हो जाएगी। मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने शुक्रवार को कहा कि लॉकडाउन में सुबह 10 बजे के बाद किसी को बाहर निकलने की इजाजत नहीं दी जाएगी। मैंने पुलिस अधिकारियों से कहा है कि नियम तोड़ने वालों पर वे सख्त कार्रवाई करें। कोरोना से मरने वालों की संख्या और नए केस में तेज बढ़ोतरी को देखते हुए हमने यह फैसला किया है।

दिल्ली में लगातार कम हो रहे केस

दिल्ली में शुक्रवार को 19,832 नए केस सामने आए हैं। पिछले 5 दिन में यह चौथा मौका है, जब दिल्ली में 20 हजार से कम केस आए हैं। बीते 24 घंटे में यहां 19,085 मरीज रिकवर हुए। 341 की मौत हो गई। अब यहां करीब 13 लाख केस हो चुके हैं। इनमें 91 हजार एक्टिव हैं।

देश में बीते 24 घंटे में 4.14 लाख मरीज मिले

देश में कोरोना के नए केस ने फिर नया रिकॉर्ड बना दिया है। बीते 24 घंटे में 4.14 लाख संक्रमितों की पहचान हुई। नए केस का यह अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। 3,920 मरीजों ने इस महामारी से जान गंवाई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि 3.28 लाख मरीज ठीक भी हो गए। बीते सात दिन में यह तीसरा मौका है जब 4 लाख से ज्यादा मरीज मिले। इससे पहले 30 अप्रैल को 4.02 लाख और 5 मई को 4.12 लाख मरीज कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे।

एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या भी चिंता बढ़ा रही है। इसमें बीते 24 घंटे में 81,663 की बढ़ोतरी हुई है। अभी 36.44 लाख संक्रमितों का इलाज चल रहा है। बीते 7 दिन के अंदर ही इसमें 3.80 लाख की बढ़ोतरी हुई है। कुल एक्टिव केसों में 27 लाख सिर्फ 10 राज्यों के हैं।

देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में

बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 4.14 लाख
बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 3,920
बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 3.28 लाख
अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 2.14 करोड़
अब तक ठीक हुए: 1.76 करोड़
अब तक कुल मौतें: 2.34 लाख
अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 36.44 लाख


PM ने दवाइयों की उपलब्धता का रिव्यू किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को देश में कोरोना के हालात का रिव्यू किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं का रिव्यू किया। उन्होंने हॉस्पिटल बेड्स और दवाइयों की उपलब्धता की भी समीक्षा की। PMO के मुताबिक, रिव्यू के दौरान प्रधानमंत्री को उन 12 राज्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई, जहां एक्टिव केस 1 लाख से ज्यादा हैं। उन्होंने उन जिलों के बारे में भी बताया गया, जहां सबसे ज्यादा मौतें रिकॉर्ड की जा रही हैं।

45 साल से ऊपर की करीब 31% आबादी को वैक्सीन लगी

इस दौरान प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्यों को उन इलाकों की पहचान करने के लिए एडवाइजरी भेजनी चाहिए, जहां पॉजिटिविटी रेट 10% से ज्यादा हो और ICU समेत हॉस्पिटल बेड्स 60% से ज्यादा भर चुके हों। प्रधानमंत्री को बताया गया कि राज्यों को अब तक कुल 17.17 करोड़ वैक्सीन के डोज सप्लाई की जा चुकी है। देश में 45 साल से ऊपर की करीब 31% आबादी को कम से कम वैक्सीन की एक डोज दी जा चुकी है।


कोरोना अपडेट्स

कोरोना को देखते हुए गोवा में 15 दिन का कर्फ्यू लगाया गया है। यह रविवार से शुरू होगा। प्रदेश के CM प्रमोद सावंत ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

दिल्ली में संक्रमण के बढ़ते मामलों और संसाधनों की कमी के चलते बिगड़ते हालातों को देखते हुए आंध्र प्रदेश और तेलंगाना से आने वालों के लिए 14 दिन का इंस्टीट्यूशनल क्वारैंटाइन जरूरी कर दिया गया है।

हिमाचल प्रदेश में बीती रात 12 बजे से कोरोना कर्फ्यू लगा दिया गया है। यह कर्फ्यू 16 मई की रात तक रहेगा। इसके साथ ही प्रदेश में धारा 144 लागू रहेगी। इस दौरान सभी निजी और सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे।