
पुलिस हिरासत में बुजु़र्ग की संदिग्ध हालत में मौत
जबलपुर जिले के कैंट थानांतर्गत पारदी समुदाय के एक व्यक्ति की संदिग्ध मौत के बाद परिजनों ने हंगामा किया। देखते ही देखते समूचा कैंट थाना पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। परिजनों ने पुलिस पर हत्या का आरोप लगाया, जबकि पुलिस का कहना है कि मृतक उनकी गिरफ्त में नहीं था। दरअसल बीते शनिवार की रात भारी पुलिस बल द्वारा अपराधियों की धरपकड़ के लिये पारदियों के ठिकानों पर दबिश दी गई थी। यहां कुछ पारदियों को पुलिस सिटी कोतवाली एवं कैंट थाने ले आई। इसमें गोकुल सिंह चक निवासी बुज़ुर्ग शेरू पारदी भी शामिल था। परिजनों के अनुसार पुलिस ने शेरू के साथ मारपीट की। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ी। उसे जिला अस्पताल, जबलपुर में भर्ती करा दिया गया था। जहां उसकी मौत हो गई। वहीं पुलिस का कहना है कि उसने शेरू को नहीं पकड़ा। बीमारी के चलते शेरू की मौत हुई है। सूत्रों के अनुसार करीब एक सैकड़ा पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों ने पारदी अपराधियों की धरपकड़ के लिये बीते शनिवार-रविवार की दरमियानी रात सघन अभियान चलाया था। इस मामले में आयोग ने पुलिस अधीक्षक, जबलपुर से दो सप्ताह में प्रतिवेदन मांगा है।