MY में जटिल ऑपरेशन:2 महीने से फूलता जा रहा था महिला का पेट, सांस लेने, उठने-बैठने में भी हाेने लगी परेशानी, जांच में पता चला पेट में है 17 KG की गठान

17 किलो की गठान के साथ ऑपरेशन करने वाली डॉक्टरों की टीम।

एमवाय अस्पताल में स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग के डॉक्टरों ने जटिल सर्जरी कर एक महिला के अंडाशय से 17 किलो की गठान निकाली। जानकारी के अनुसार देवास की रहने वाली 45 साल की महिला बीते दो महीने से परेशान थी। पेट लगातार फूलता ही जा रहा था। साथ ही मधुमेह की भी समस्या थी। जब एमआरआई करवाया तो पता लगा कि अंडाशय में गठान है। लेप्रोटॉमी की गई, जिसमें 17 किलोग्राम की गठान निकाली गई।

डॉ. सुमित्रा यादव ने बताया कि मरीज को हमने एक माह तक अस्पताल में भर्ती रखकर उसका शुगर लेवल कंट्रोल किया। महिला के फिट होने के बाद गुरुवार को उसकी सफल सर्जरी की गई। इस गठान की वजह से महिला का पेट काफी बड़ा दिखता था। उसे सांस लेने, उठने-बैठने में भी परेशानी होती थी। एमवायएच में पहली बार इस तरह के केस में 17 किलो की गठान अंडाशय से निकाली गई है। डॉ. यादव के मुताबिक यह गठान इतनी बड़ी थी कि उसका वजन नापने के लिए नवजात शिशुओं का वजन नापने वाली मशीन भी काम नहीं आ सकी। इसके लिए अलग से बड़ी मशीन का उपयोग किया गया।

डॉ. यादव के अनुसार महिला को शुगर की समस्या भी थी। गठान को एकदम से बाहर निकालते तो ब्लड प्रेशर कम होने से मरीज के शॉक में जाने की आशंका थी। डॉक्टरों के लिए ऑपरेशन करना चुनौतीपूर्ण था। यह जटिल ऑपरेशन में डॉ. सुमित्रा यादव की यूनिट में डॉ. विभा मोसेज, डॉ. सुरभि पोरवाल, डॉ. सपना चौरसिया, डॉ. श्रद्धा पालीवाल, डाॅ. दीपमाला चौहान, डॉ. प्रशस्ति मेहता व अन्य डॉक्टरों की टीम के सहयोग से किया गया।