खजराना गणेश मंदिर में 51 हजार लड्डुओं का निर्माण शुरू, 400 किलो गुड़, 400 किलो मूंगफली दाना और 800 किलो तिल्ली से बनेंगे लड्डू

51 हजार लड्डुओं के निर्माण कार्य का शुभारंभ भट्टी पूजन के साथ हुआ।

खजराना गणेश मंदिर पर भक्त मंडल की ओर से तिल चतुर्थी महोत्सव में तिल गुड़ के 51 हजार लडडुओं का महाभोग समर्पित किया जाएगा। इन लडडुओं का निर्माण कार्य पंडित मोहन भटट और पंडित अशोक भटट द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भटटी पूजन के साथ शुरू हो गया है।

भक्त मंडल के अरविंद बागड़ी, कैलाश पंच व सुनील पाटीदार ने बताया कि लडडू निर्माण में 400 किलो गुड़, 400 किलो मूंगफली दाना व 800 किलो तिल्ली का उपयोग किया जाएगा। तिल चतुर्थी महोत्सव 31 जनवरी से मंगलवार 2 फरवरी तक मनाया जाएगा।

भक्तों में प्रसाद वितरण का शुभारंभ 31 जनवरी को सुबह 10.30 बजे ध्वजा पूजन के बाद मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष कलेक्टर मनीष सिंह व निगम प्रशासक प्रतिभा पाल करेंगे। इस अवसर पर शहर के अनेक गणमान्य अतिथि भी गणेशजी की पूजा-अर्चना में शामिल होंगे। महोत्सव के दौरान गणेश अथर्वशीर्ष के अखंड पाठ भी होंगे।

1 फरवरी को भक्त मंडल की ओर से रात 8 बजे अजवाइन के व 2 फरवरी को चवले के लड्डुओं का भोग भी समर्पित होगा। महोत्सव के दौरान नियमित रूप से अभिषेक भी होगा। खजराना गणेश को स्वर्ण आभूषण, मोतियों एवं फूलों से श्रृंगारित कर भक्तों को उनके दर्शन की विशेष व्यवस्था महाकाल मंदिर की तर्ज पर की जाएगी।