अमेरिका का एक सैनिक परिवहन विमान शुक्रवार को तड़के जलालाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिससे विमान में सवार सभी 11 व्यक्तियों की मौत हो गई। मरने वालों में अमेरिका के छह सैनिक और पांच नागरिक कांट्रैक्टर बताए गये हैं। अमेरिका सेना ने इसे दुर्घटना बताया है।

अमेरिकी सेना के एक प्रवक्ता ने बताया कि जलालाबाद के हवाई अड्डे पर हुई इस दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रवक्ता ने इस संभावना से इन्कार नही किया कि विमान दुर्घटना से उस समय वहां आसपास उपस्थित कुछ अन्य लोगों की भी मौत हो गयी होगी।

अमेरिका के छह सैनिक और पांच नागरिक कांट्रैक्टर जिनकी दुर्घटना में मौत हुई है वे अफगानिस्तान में अमेरिका के नेतृत्व वाले अन्तर्राष्ट्रीय सैन्य बल में तैनात थे। तालिबान के एक प्रवक्ता ने दावा किया है कि विमान को उसके सदस्यों ने मार गिराया।

यह दुर्घटना कुंदुज शहर पर अफगानिस्तान की सेना के दोबारा कब्जे और तालिबान के वहां से शहर छोड़कर भागने के कुछ ही घंटे बाद हुई। अफगानिस्तान सेना ने कई दिन के संघर्ष के बाद इस शहर पर कब्जा किया था।