देश में एक बार फिर कोरोना महामारी सिर उठा रही है। शुक्रवार को बीते 24 घंटे में 7584 नए नए संक्रमित मिले हैं। इस दौरान 24 मौतों ने भी चिंता बढ़ाई है। पिछले 10 दिनों से लगातार मरीज बढ़ रहे हैं। इसे लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों को सतर्क रहने का निर्देश दिया है। गुरुवार को देश में 7240 मरीज मिले थे, इसकी तुलना में शुक्रवार को 344 मरीज ज्यादा मिले हैं। इसके साथ ही सक्रिय केस भी 3769 बढ़कर कुल 36,267 हो गए हैं। वहीं, 24 और मौतों को मिलाकर अब तक कुल मौतें 5,24,747 हो गई है।  स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा शुक्रवार सुबह 8 बजे अपडेट किए गए आंकड़ों के अनुसार देश में बीते 24 घंटे में कोविड-19 के 7,584 मरीज बढ़े हैं। इसके साथ ही कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4,32,05,106 हो गई है। कोरोना के खिलाफ टीकाकरण भी जारी है। अब तक वैक्सीन की कुल 194.76 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी है।