राई : जी.टी. रोड पर गांव बढ़मलिक स्थित दुर्गा कालोनी के पास एक अनियंत्रित ट्रक ने राहगीर को कुचल दिया और बाद में ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे में राहगीर की मौके पर ही मौत हो गई और ऑटो सवार महिला व एक युवक घायल हो गए जिन्हें पी.जी.आई. रैफर किया गया है। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। मूलरूप से गांव फूली डूमर शेखर, बाका बिहार फिलहाल दुर्गा कालोनी निवासी शम्भू (26) मुरथल के पास हल्दीराम की फर्म में काम करता था। वह शनिवार सुबह मुरथल से दुर्गा कालोनी आया था। जब वह कालोनी के सामने जी.टी. रोड पार कर रहा था तो इसी दौरान दिल्ली की तरफ से आ रहे एक ट्रक ने उसे कुचल लिया।

हादसे में शम्भू की मौके पर ही मौत हो गई। शम्भू को चपेट में लेने के बाद अनियंत्रित हुए ट्रक ने एक ऑटो को भी टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो सवार गांव सेरसा निवासी सुरेश व बैंयापुर निवासी सुषमा गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सिविल अस्पताल ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पी.जी.आई. रोहतक रैफर कर दिया गया। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

2 मासूमों के सिर से उठा पिता का साया
शम्भू के 3 व 2 वर्ष के लड़का व लड़की हैं। दोनों बच्चे अपनी मां के पास गांव फूली डूबर शेखर में रह रहे हैं। उन्हें तो यह भी नहीं पता कि अब वह अपने पिता को कभी देख नहीं सकेंगे। वहीं, दुर्गा कालोनी में रहे शम्भू के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।