
भोपाल : उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि निर्माण एजेंसियों द्वारा विभागीय निर्माण कार्य जो पेंडिंग है उन कार्यों को समय-सीमा में अनिवार्य रूप से पूर्ण कराया जाये। मंत्री डॉ. मोहन यादव मंत्रालय में विभागीय निर्माण कार्यों की समीक्षा कर रहे थे।
मंत्री डॉ. यादव ने निर्देशित किया कि अधिकारी संबंधित निर्माण एजेंसी से चर्चा कर तीन साल से ज्यादा पुराने निर्माण कार्यों को चिन्हित कर त्वरित कार्यवाही करें। उन्होंने निर्माण एजेंसियों से पूर्ण कार्यों और प्रगतिरत निर्माण कार्यों की सूची देने के निर्देश दिए।
आयुक्त उच्च शिक्षा श्री दीपक सिंह ने प्रदेश के 8 नवीन आदर्श महाविद्यालयों की अद्यतन जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि नवीन आदर्श महाविद्यालय दमोह, खंडवा और सिंगरौली के भवन निर्माण का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इन्हें शिक्षण सत्र 2022-23 प्रारंभ किया जा सकता है। श्री सिंह ने बताया कि नवीन आदर्श महाविद्यालय बड़वानी का कार्य भी इस माह के अंत तक पूर्ण कर लिया जायेगा। नवीन आदर्श महाविद्यालय राजगढ़ का निर्माण कार्य जून 2022 तक, आदर्श महाविद्यालय, विदिशा एवं गुना का कार्य दिसम्बर 2022 तथा नवीन आदर्श महाविद्यालय छतरपुर का कार्य मार्च 2023 तक पूर्ण किया जायेगा।
बैठक में पीडब्ल्यूडी अंतर्गत परियोजना क्रियान्वयन इकाई, भोपाल विकास प्राधिकरण, म.प्र. गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मण्डल, म.प्र. पुलिस आवास एवं अधोसंरचना विकास निगम तथा विश्वविद्यालय यान्त्रिकी विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।