गुना। भिंड जिले में हत्या कर फरार चल रहे आरोपी को गुना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने दो वर्ष पहले भिंड में हत्या की थी। इसी के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था। फरारी के दौरान उसने ग्वालियर और गुना में पनाह ली। गुरुवार को गुना पुलिस ने उसे बरखेड़ा हाट से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद भिंड पुलिस को सूचना दी गयी। भिंड पुलिस के गुना आने के बाद आरोपी को भिंड पुलिस को सौंप दिया गया। आरोपी पर भिंड पुलिस ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
SP राजीव कुमार मिश्रा ने बताया भिण्ड जिले के थाना अटेर में एक हत्या के मामले में आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस को उसके गुना में में होने की जानकारी मिली। इस जानकारी के मिलने पर तत्काल पुलिस की एक टीम आरोपी की तलाश में लगाई गई। पुलिस को आरोपी गुना से 20 किमी दूर बरखेड़ा हाट में होने की जानकारी मिली। कोतवाली पुलिस ने दबिश देकर उसे एक घर से गिरफ्तार कर लिया, जहां वह छुपा हुआ था।
भिंड जिले के अटेर में वर्ष 2019 में तीन लोगों ने मिलकर एक व्यक्ति की हत्या कर दी थी। हत्या करने के बाद तीनों फरार हो गए थे। फरार होने के बाद आरोपी ने ग्वालियर और गुना में फरारी काटी। पुलिस टीम ने आरोपी की सघन तलाश की और गुरुवार को उसे दबोच लिया गया। आरोपी ने अपना नाम भोले उर्फ भोलू भदौरिया(27) पुत्र जंडेल सिंह निवासी ग्राम खड़ेरी का पुरा, थाना अटेर जिला भिण्ड बताया।
आरोपी से गुना पुलिस ने पूछताछ की तो उसने बताया कि वर्ष 2019 में भिंड जिले के थाना अटेर में एक हत्या की थी। उसी मामले में वह फरार चल रहा था। भिंड पुलिस ने उस पर 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था। SP ने बताया कि भिंड पुलिस से इनपुट मिला था। इसके बाद आरोपी को पकड़ लिया गया है। आरोपी से प्रारंभिक पूछताछ के बाद उसे भिंड पुलिस के हवाले कर दिया गया है। भिंड पुलिस गुरुवार को गुना पहुंची और उसे अपने साथ ले गयी। आगे की पूछताछ भिंड पुलिस ही करेगी। आरोपी ने गुना में भी एक वारदात को अंजाम दिया था।