ग्वालियर के बड़ागांव गुलाबपुरी में एक महिला के साथ कट्‌टे की नोक पर दुष्कर्म की वारदात हुई है। घटना 2 सितंबर रात 11 बजे से 12.20 बजे के बीच की है। आरोपी ने दरवाजे पर दस्तक दी, महिला ने झोपड़ी का दरवाजा खोला तो युवक ने कट्‌टा तान दिया। फिर मासूम बच्चे पर कट्‌टा अड़ाकर महिला के साथ दुष्कर्म किया।

करीब 1 घंटा 20 मिनट तक आरोपी रहा और जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। घटना से महिला काफी डर गई थी। वह मुरार थाना पहुंची तो पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। अब महिला ने एसपी ऑफिस पहुंचकर शिकायत की है। एसपी ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। सतना निवासी 30 वर्षीय महिला अपने पति और दो साल के बच्चे के साथ ग्वालियर के बड़ागांव गुलाबपुरी में काम की तलाश में आई थी। यहां कुछ दिन पहले उन्हें एक साइट पर काम मिल गया था।

पास ही एक झोपड़ी में वह रह रहे थे। 2 सितंबर की रात महिला का पति बाहर गया था। रात 11 बजे महिला के दरवाजे पर किसी ने दस्तक दी। उसने गेट खोला तो एक युवक खड़ा था। चेहरे पर मास्क पहने था। इसके बाद युवक ने महिला के माथे पर कट्‌टा अड़ा दिया। अंदर ले गया तो वहां उसका बच्चा सो रहा था। महिला ने विरोध किया तो बच्चे को मारने के लिए उस पर कट्‌टा अड़ा दिया। इसके बाद करीब सवार घंटे से ज्यादा आरोपी वहां रूका और महिला के साथ दुष्कर्म किया।

घटना के बाद पीड़िता ने मामले की सूचना DIAL 100 को दी। टीम मौके पर पहुंची और महिला को मुरार थाने पहुंचाया। यहां पुलिस को महिला की कहानी में पेच नजर आया तो मामला जांच में लिया गया। अब FIR नहीं होने पर पीड़ित महिला ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर पुलिस कप्तान अमित सांघी से शिकायत की है। पुलिस कप्तान ने भी जांच के आदेश दिए हैं।

अभी भी दहशत में है महिला

घटना के बाद से महिला अभी भी दहशत में है। वह रात के समय किसी के दरवाजे पर दस्तक देने के बाद घबरा जाती है। पुलिस के कार्रवाई न करने से आरोपी खुलेआम घूम रहा है।

सामने आने पर पहचान लूंगी

महिला का कहना है कि वह आरोपी को नहीं जानती है। वह मुंह पर मास्क भी पहने था, लेकिन सामने लाया जाएगा तो वह उसे पहचान लेगी। उसकी उम्र 30 से 35 साल के लगभग होगी।