अभिनेता रजत बेदी के खिलाफ मुंबई के डीएन नगर पुलिस स्टेशन में एक शख्स को अपनी गाड़ी से टक्कर मारने का केस दर्ज हुआ है। वारदात शाहर के अंधेरी इलाके में हुई थी। डीएन नगर पुलिस स्टेशन से मिली जानकारी के अनुसार, एक्टर ने ही घायल हुए शख्स को मुंबई के कूपर हॉस्पिटल में एडमिट करवाया था। उन्होंने इस बात को स्वीकार किया कि उनकी कार से ही शख्स घायल हुआ है। फिलहाल पीड़ित हॉस्पिटल में एडमिट है और उसका इलाज जारी है।

पीड़ित के नशे में धुत्त होने का आरोप
रजत के खिलाफ पुलिस स्टेशन में आईपीसी की धारा 279 और 338 के तहत मामला दर्ज हुआ है। अभिनेता ने पुलिस को बताया है कि जो शख्स घायल हुआ है, वह नशे में धुत्त था और गलती से उनकी गाड़ी के आगे गया। वह काम करके घर लौट रहा था और चलते ट्रैफिक के बीच रोड क्रॉस करते हुए हादसे का शिकार हुआ। कार से टकराने के बाद उसके सिर एयर कमर में चोट लगी है। रजत ने उसके हर संभव इलाज का पूरा खर्च उठाने का वादा भी किया है।

पत्नी ने भी नशे की बात स्वीकार की
पीड़ित की पत्नी ने भी इस बात को माना है कि उसका पति नशे में धुत्त था जब यह हादसा हुआ है। उसने कहा,'यह दुर्घटना तब हुई जब मेरे पति शाम 6.30 घर लौट रहे थे। कार (MH 02 CD 4809) चला रहे रजत बेदी ने ही मेरे पति को टक्कर मारी है। इसके बाद वे गिर पड़े और उन्हें गंभीर चोट आई है।

रजत बेदी का फिल्मी करियर
रजत बेदी ने अपने करियर की शुरुआत बतौर मॉडल की थी। उन्होंने अपने अभिनय करियर की शुरुआत वर्ष 1998 में हिंदी फिल्म '2001' से की थी। इस फिल्म में मुख्य भूमिका में जैकी श्रोफ, डिम्पल कपाडिया और तब्बू थीं। रजत बेदी ने हिंदी सिनेमा बतौर अभिनेता नहीं बल्कि एक खलनायक के रूप में अपनी पहचान बनाई है, जिसे दर्शकों और आलोचकों द्वारा भी काफी सराहा गया।

रजत इसके अलावा फिल्म 'कोई मिल गया', 'इंटरनेशनल खिलाड़ी' जैसी फिल्मों का हिस्सा भी रह चुके हैं। हालांकि, पिछले कई दिनों से वे फिल्मों से दूर हैं। रजत बेदी फिलहाल वे विदेश में अपना बिजनेस करते हैं।