मैनपुरी| औंछा , ज्योंती खुड़िया में रविवार रात बरात आई थी। शादी की रस्म चल रही थी और पुलिस पहुंच गई। पुलिस दूल्हे को मंडप से उठाकर थाने ले आई। मामले में एक महिला ने युवक पर दूसरी शादी करने की शिकायत की है। उधर, दुल्हन पक्ष की ओर से भी शादी करने से मना कर दिया गया। समाचार लिखे जाने तक पुलिस मामले में पूछताछ कर रही थी। जनपद फिरोजाबाद के गांव गागनी निवासी अनुज कुमार वर्तमान में सैनिक बिहार कॉलोनी लखनऊ में रहता है। वह भोजपुरी फिल्मों में काम करता है। उसकी शादी थाना क्षेत्र के कस्बा ज्योंती खुड़िया निवासी युवती के साथ तय हुई थी। रविवार को अनुज बरात लेकर आया था। शादी की रस्में चल रहीं थीं। अनुज मंडप पर पहुंचा ही था कि तभी औंछा पुलिस पहुंच गई और उसे अपने साथ ले गई। परिजनों के पूछताछ करने पर पुलिस ने बताया कि युवक दूसरी शादी कर रहा हैञ एक महिला ने उसके खिलाफ शिकायत की है। शिकायत करने वाली महिला रामा देवी लखनऊ की रहने वाली है और अनुज से उम्र में दोगुनी है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस दूल्हे और महिला से पूछताछ कर रही थी। उधर, दुल्हन पक्ष ने शादी से इनकार कर दिया है।