
ग्वालियर में एक मकान मालकिन पर किराएदार की नीयत खराब हो गई। किराएदार आधी रात मकान मालकिन के कमरे में घुस आया। उसके साथ जबरदस्ती करने लगा। महिला ने विरोध किया तो छीना छपटी में उसके कपड़े तक फाड़ दिए। खुद को बचाने के लिए महिला घर से बाहर निकल आई।
इसके बाद भी आरोपी नहीं माना और उसे पकड़ने के लिए पीछे भागा, लेकिन उससे पहले ही वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। यह देखते ही आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। घटना गोला का मंदिर प्रीतम विहार की है। गोला का मंदिर पुलिस ने रविवार रात को आरोपी किराएदार पर जबरदस्ती करने का मामला दर्ज कर लिया है।
गोला का मंदिर प्रीतम विहार कॉलोनी निवासी 28 वर्षीय महिला रानी (बदला हुआ नाम) घरेलू महिला है। उसका पति प्राइवेट कंपनी में जॉब करता है। उनके मकान में ही महेश नाम का युवक किराए पर रहता है। एक दिन पहले महिला के पति की नाइट शिफ्ट थी। रात महिला अपने बेटे के साथ सो रही थी। तभी आधी रात उनका किराएदार कमरे में आया और उससे गलत हरकत करने लगा। जैसे ही महिला की नींद खुली तो उसने देखा कि किराएदार उसके पास बैठा था और शरीर पर हाथ फेर रहा था। विरोध किया तो आरोपी ने उसके कपड़े फाड़ दिए और मारपीट करने लगा। किसी तरह उसकी पकड़ से निकलकर पीड़ित महिला बाहर आई और मदद के लिए शोर मचाया। पर आरोपी के सिर पर भूत सवार था वह भी बाहर आकर महिला को पकड़ने का प्रयास करने लगा। महिला की आवाज सुनकर पड़ोसी वहां पर पहुंचे तो आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित महिला की शिकायत पर छेड़छाड़, मारपीट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
आरोपी अभी फरार है
- इस मामले में गोला का मंदिर पुलिस का कहना है कि घटना में तत्काल मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी घटना के बाद से ही फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। आरोपी काफी समय से महिला पर बुरी नीयत रखे हुए था। पुलिस का दावा है कि आरोपी जल्द पकड़ा जाएगा।