
ईटखड़ी में शुक्रवार को चालू कार में पति-पत्नी के विवाद हो गया। इस दौरान अचानक कार मल्टी के पिलर से टकरा गई। घटना में पत्नी का सिर फट गया। वहीं, बेटी और दो अन्य महिलाएं भी घायल हो गईं। घायलों को करोंद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया, संजय मालवीय लांबाखेड़ी में आस्था मल्टी में रहते हैं। वह प्राइवेट नौकरी करते हैं। उनकी जबलपुर की सविता मालवीय से 22 साल पहले शादी हुई थी। उनकी एक 19 साल की बेटी भी है। संजय ने बताया, तीन साल से उनका पत्नी के साथ विवाद चल रहा है। उन्होंने तलाक का केस भी लगाया हुआ है। 6 माह से पत्नी मायके में रह रही है। शुक्रवार दोपहर 11.30 बजे वह 80 फीट रोड से घर की तरफ आ रहे थे। इसी बीच उनकी पत्नी सविता, बेटी श्रेय और दो साली संगीता और आशा कार से आए।
संजय ने बताया, पत्नी ने जबरदस्ती उनको कार में बैठाया और घर चलने के लिए कहा। कार सविता चला रही थी। वह मल्टी की पार्किँग में पहुंचे। संजय ने कहा, मल्टी की पार्किग में उनकी पत्नी चालू कार में जबरदस्ती घर की चाबी मांगने के लिए झूमाझटकी करने लगी। उन्होंने आरोप लगाया कि पत्नी की दो बहनों ने भी उनके साथ मारपीट की।
इस बीच कार अचानक मल्टी की पिलर से टकरा गई। संजय ने बताया, घटना में उनको भी चोट आई। इसके बाद वह पुलिस के पास शिकायत करने पहुंचे। वहीं, पुलिस ने बताया कि कार में बैठी तीन महिलाएं और एक लड़की भी घायल हुए हैं। उनके बयान लिए जा रहे हैं।