
इंदौर में 12 जुलाई से लापता कारोबारी के बेटे और निजी कंपनी में काम करने वाले अफसर की बेटी का पता चल गया है। दोनों के चंडीगढ़ में होने की जानकारी मिली है। इंदौर की तुकोगंज और एमआईजी थाने की पुलिस दोनों को लेने के लिए कोटा पहुंच गई थी। पुलिस ने दोनों बच्चों से बात कर उन्हें कोटा बुलाया है। देर शाम तक उन्हें इंदौर लाया जाएगा।
सोमवार को इंदौर के पॉश इलाके से लापता हुए दो बच्चों का वीडियो भी सामने आया है। बताया जाता है कि ये वीडियो गुमशुदगी के ठीक पहले का है। वीडियो में दिख रहा है कि एक ऑटो लड़की के घर के आगे रुका। इसके बाद लड़की ऑटो में बैठकर चली गई। लड़की के पिता पीथमपुर स्थित बड़ी कंपनी में नौकरी करते हैं।
दोनों इंदौर के श्रीनगर क्षेत्र में रहते हैं। दोनों के परिजनों ने तुकोगंज थाने और एमआईजी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई है। लड़के के परिजनों का कहना है, वह 12 जुलाई शाम 5 बजे से लापता है। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। दोनों बच्चों के देवास, भोपाल, खरगोन और जयपुर में होने की संभावना जताई जा रही थी। पुलिस को बुधवार देर रात लड़के की लोकेशन जयपुर के आसपास मिली थी, लेकिन उन्हें ढूंढा नहीं जा सका। शुक्रवार सुबह दोनों की लोकेशन चंडीगढ़ मिली। दोनों बच्चों ने परिजनों से वीडियो कॉलिंग के जरिए बात की। इसके बाद बच्चों को ढूंढने कोटा गई इंदौर पुलिस की टीम ने दोनों से संपर्क कर उन्हें कोटा बुलाया है।