शेयर बाजार ने एक बार फिर रिकॉर्डतोड़ शुरुआत की है। बीएसई का 30 स्टॉक्स वाला प्रमुख संवेदी सूचकांक सेंसेक्स आज यानी सोमवार को 201 अंकों की उछाल के साथ 53,126.73 के नए शिखर पर खुला। इससे पहले सेंसेक्स 22 जून 2021 को अपने सर्वकालिक ऊंचाई  53057.11 पर पहुंचा था।  वहीं निफ्टी ने भी हरे निशान के साथ आज के दिन के कारोबार की शुरुआत की। निफ्टी आज 15,915.35 के स्तर पर खुला। निफ्टी ने शुरुआती सत्र में 15,915.65 की सर्वकालिक ऊंचाई को छुआ। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स नए शिखर से फिसल कर 71.23 अंकों की बढ़त के साथ 52,996.27 के स्तर पर आ गया। जबकि, निफ्टी महज 9.45 (0.06%) अंक ऊपर 15,869.80 के स्तर पर था।सेंसेक्स में सबसे अधिक एक प्रतिशत की तेजी एशियन पेंट्स में रही। इसके अलावा डॉ रेड्डीज, एनटीपीसी, एक्सिस बैंक, सन फार्मा, कोटक बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज भी तेजी के साथ कारोबार कर रहे थे।   दूसरी ओर टाइटन, टीसीएस, अल्ट्राटेक सीमेंट, भारती एयरटेल और एलएंडटी में गिरावट देखी गई। पिछले सत्र में सेंसेक्स 226.04 अंक या 0.43 प्रतिशत बढ़कर 52,925.04 पर और निफ्टी 69.90 अंक या 0.44 प्रतिशत बढ़कर 15,860.35 पर बंद हुआ था।  शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को सकल आधार पर 678.84 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।  इस बीच अंतरराष्ट्रीय तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.17 प्रतिशत की गिरावट के साथ 75.25 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

इस साल कब-कब सेंसेक्स ने बनाया रिकॉर्ड

 
  • 12 जनवरी को  49569.14 का आंकड़ा छुआ और अब 13 जनवरी को सेंसेक्स एक नए शिखर पर था
  • 21 जनवरी को सेंसेक्स ने एक और इतिहास रचते हुए  50,184.01 के ऑलटाइम हाई पर पहुंच गया।
  • 5 फरवरी 2021को सेंसेक्स 51073 का नया शिखर छूआ। 
  • 8 फरवरी 2021 को सेंसेक्स एक नए शिखर  51409.36 पर पहुंचा।
  • 9 फरवरी 2021 को 51835.86 को छुआ
  • 16 फरवरी 2021 को  52516.76 पर पहुंचा
  • 11 जून 2021 को पिछले ऑल टाइम हाई 52516 को तोड़ते हुए सेंसेक्स 52641.63 के स्तर पर पहुंच गया। 
  • 22 जून 2021को सेंसेक्स अपने सर्वकालिक ऊंचाई  53057.11 पर पहुंच गया।