
लखनऊ । भ्रष्टाचार तथा शासकीय कार्य में लापरवाही पर अयोध्या मंडल के कृषि उप निदेशक अशोक कुमार को निलंबित कर दिया गया है। अयोध्या दौरे पर पहुंचे कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने निलम्बित करने का आदेश दिया है। शाही ने बताया कि अयोध्या मंडल के उपनिदेशक कृषि, अशोक कुमार से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों की संख्या एवं लंबित मामलों की जानकारी ली गयी। जिस पर उनका जवाब था कि लाभार्थियों एवं लंबित मामलों की संख्या की जानकारी नहीं है। इसके अतिरिक्त उन्हें खरीफ के क्लस्टर की भी जानकारी न होने के कारण यह अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है। कृषि मंत्री ने बताया कि अशोक कुमार के कृत्य एवं शासकीय योजनाओं, लाभार्थियों एवं लंबित मामलों की जानकारी के अभाव से परिलक्षित हो रहा है कि अब उनको शासकीय दायित्वों के निर्वहन में रुचि नहीं है। वह लापरवाही बरत रहे हैं।