
पति प्रताड़ना की शिकार दो महिलाओं का दर्द पढ़कर आंखे नम हो जाएगी। एक महिला पर उसका पति चरित्र संदेह करता है। इसे लेकर अक्सर उसके घर में कलह होती है। रोज-रोज के विवाद से परेशान होकर वह थाने पहुंच गई। वहीं दूसरी महिला को प्रेम विवाह की कीमत खुद की जान देकर चुकानी पड़ी। शादी के बाद दहेज के लालची पति का असल रंग दिखा। दोनों ही प्रकरणों में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
बेलखेड़ा पुलिस के मुताबिक सुंदरादेही निवासी कंचन बेन (24) ने 2017 में प्रदीप बेन से प्रेम विवाह किया था। शादी के चार सालों में प्रदीप ने कंचन को कभी मायके नहीं जाने दिया। शादी के कुछ समय बाद ही उसका रवैया बदल गया। वह अक्सर कंचन पर तंज कसता था कि उसके मायके वालों ने दहेज में कुछ नहीं दिया। जब भी उसके मायके के परिजन मिलते, वह अपनी आपबीती सुनाती, लेकिन शादी के खुद के निर्णय के चलते वह कोई कदम भी नहीं उठा पाती थी।
बेटी के पैदा होने के बाद उसका रवैया बदल गया
कंचन को एक बेटी हुई। इसके बाद से प्रदीप का रवैया एकदम बदल गया। वह अक्सर शराब पीकर घर आने लगा और कंचन के साथ मारपीट करने लगा। कंचन ने पिता को आपबीती सुनाई। सास-ससुर को भी बताया। पर प्रदीप की आदतों में कोई बदलाव नहीं हुआ। यहां तक कि कंचन के पिता जब भी प्रदीप मिलता तो दो-चार हजार रुपए भी दे देते थे। कंचन पति के व्यवहार और मारपीट से परेशान हो गई थी।
21 मई को खुद पर मिट्टी का तेल उड़ेल आग लगा ली
कंचन ने 21 मई को परेशान होकर खुद पर मिट्टी का तेल उड़ेल कर आग लगा ली थी। उसे गंभीर हालत में परिजन मेडिकल में भर्ती कराए थे। जहां 22 मई की दोपहर में उसकी मौत हो गई थी। 95 प्रतिशत से अधिक झुलसने की वजह से कंचन का बयान भी नहीं हो पाया। मेडिकल काॅलेज चौकी ने मर्ग कायम कर केस डायरी बेलखेड़ा को ट्रांसफर किया था। मर्ग जांच में परिजनों के कथन और परिस्थितजन्य साक्ष्य के बाद ये सामने आया कि प्रदीप की प्रताड़ना से परेशान होकर कंचन ने आत्महत्या की थी। बेलखेड़ा पुलिस ने मामले में दहेज उत्पीड़न, दहेज हत्या और दहेज की मांग की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।
इधर, चरित्र संदेह पर मारपीट से परेशान पत्नी ने पति के खिलाफ दर्ज कराई एफआईआर
पाटन थाने में वार्ड नंबर 15 निवासी 25 वर्षीय भागवती बर्मन ने पति भोला रैकवार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। भागवती ने बताया कि उसका पति उस पर संदेह करता है। इसे लेकर अक्सर उसके घर में कलह होती है। उसके साथ आए दिन मारपीट करता है। रविवार को भी भोला ने इसी संदेह में उसके साथ मारपीट की। साेमवार को फिर उसने मारपीट की। रोज-रोज के विवाद से परेशान भागवती थाने पहुंची और पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।