न्यूयॉर्क : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका में रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों को मैडिसन स्क्वॉयर गार्डन (एमएसजी) में रविवार को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की जनता ने उन्हें जो दायित्व दिया है वह उसे पूरा करेंगे और ऐसा कुछ नहीं करेंगे जिससे लोगों को नीचा देखना पड़े। यहां अनिवासी भारतीयों की विशाल भीड़ को संबोधित करते उन्होंने विश्वास दिलाया कि भारत तेज गति से आगे बढ़ेगा और 21वीं शताब्दी के विश्व की अगुवाई करेगा।

मैनहट्टन के बीचोंबीच मेडिसन स्क्वायर गार्डन में एक अनूठे कार्यक्रम में मोदी ने कहा कि लोकसभा में बड़ी जीत के साथ उन पर बड़ी जिम्मेदारी आई है जिसे वह पूरा करेंगे। कार्यक्रम में जोश से भरपूर करीब 20 हजार अनिवासी भारतीय मौजूद थे। भारत के फायदों को गिनाते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र, जनसांख्यिकी लाभ और मांग इसकी मजबूतियां हैं। भारत की 65 प्रतिशत से अधिक आबादी 35 वर्ष की आयु से कम है और चूंकि भारत के पास विशाल बाजार है इसलिए इसकी बहुत मांग है।

युवा पीढ़ी को स्पष्ट रूप से ध्यान में रखते हुए मोदी ने कहा, हम ऐसा कुछ भी नहीं करेंगे जिससे आपको नीचा देखने की नौबत आए। उत्साही भीड़ द्वारा बार-बार मोदी-मोदी के नारे लगाए जाने के बीच प्रधानमंत्री ने कहा, मेरी सरकार लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने में शत प्रतिशत सफल रहेगी। आपको विश्वास दिलाता हूं कि जिस आर्थिक बदलाव और सामाजिक बदलाव के लिए आपने इस सरकार को चुना है, उसे पूरा करने में कोई कमी नहीं होगी। पीला कुर्ता और केसरिया नेहरू जैकेट पहने मोदी ने खचाखच भरे इस इंडोर स्टेडियम में लोगों को मंत्रमुग्ध कर लिया। उन्होंने कहा, हमारा प्रयास विकास को जन आंदोलन बनाना है।

भारत माता की जयघोष के साथ शुरू हुए और एक घंटे से अधिक समय तक चले संबोधन में मोदी ने लोगों को नवरात्र की शुभकामनाएं दी। मोदी ने सुशासन का वादा करते हुए कहा कि 30 साल के अंतराल के बाद भारत को केन्द्र में स्पष्ट बहुमत वाली सरकार मिली है। उन्होंने लोकसभा चुनाव से पहले चुनावी नतीजों के अनुमानों पर तंज कसते हुए कहा, कोई भी राजनीतिक पंडित या जनमत को प्रभावित करने वाले इस प्रकार के जनादेश को भांप नहीं पाये। मोदी ने कहा कि चुनाव जीतने के साथ ही एक बड़ी जिम्मेदारी आ गई है। जब से मैंने काम संभाला है (प्रधानमंत्री का पद) मैंने 15 मिनट की भी छुट्टी नहीं ली है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि अपने सामर्थ्य से अपना भविष्य बनाने के लिए हम कृत संकल्प हैं। इस बारे में देश को पीछे मुड़ कर देखने की जरूरत नहीं और निराशा का कोई कारण नहीं। मैं विश्वास दिलाता हूं कि यह देश बहुत तेज गति से आगे बढ़ने वाला है। उन्होंने कहा, 21वीं शताब्दी भारत की होगी। 2020 तक केवल भारत ही विश्व को वर्कफोर्स (मानव बल) मुहैया कराने की स्थिति में होगा। उन्होंने नर्सों एवं अध्यापकों की बढ़ती मांग का भी उल्लेख किया और कहा कि भारत इन क्षेत्रों में दुनिया भर के लिए निर्यातक बन सकता है।

मोदी ने कहा कि जो पीआईओ कार्ड धारी हैं उनको आजीवन वीजा दिया जायेगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि लंबी अवधि तक भारत में रहने वाले अनिवासी भारतीयों को पुलिस थाने में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्होंने कहा कि पर्यटन के मकसद से भारत आने वाले अमेरिकी नागरिकों को दीर्घ अवधि का वीजा दिया जायेगा।

उन्होंने अमेरिकी भारतीयों को खुशखबरी सुनाने के अंदाज में कहा कि कुछ महीनों में भारतीय मूल के लोग (पीआईओ) और ओसीआई (ओवरसीज सिटीजनशिप ऑफ इंडिया) को मिलाकर एक नई स्कीम बनाई जाएगी जिससे इनकी दिक्कतें दूर हो सकें।

मोदी ने करीब 20 हजार लोगों की भीड़ को संबोधित करते हुए कहा, नई सरकार से बहुत उम्मीदें हैं। सरकार लोगों की आंकाक्षाओं को पूरा करने में शत प्रतिशत सफल रहेगी। प्रधानमंत्री ने पुराने पड़ चुके कानूनों को समाप्त करने की अपनी सरकार की मुहिम से अवगत कराते हुए कहा कि पहले की सरकारें इस बात पर गर्व किया करती थी कि उन्होंने, फलाना कानून बना दिया, ढिकाना कानून बना दिया। कांग्रेस का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि पूरे चुनाव में एक पार्टी यही बात कहती रही कि उसने ये-ये कानून बनाए।

मोदी ने कहा, मैंने इसका उलटा शुरू किया है। मैंने जितने बेकार कानून हैं, सबको खत्म करने का फैसला किया है। इतने आउडेटेट (पुराने पड़ चुके) कानून हैं कोई उनके जाल में गया तो बाहर नहीं निकल सकता। अगर हर दिन एक कानून खत्म कर सकूं तो मुझे बहुत आनंद होगा।

*  भारत माता की सेवा करें, आपके सपनों का भारत बनाकर कर्ज चुकाउंगा।

* जितना प्यार आपने हमें दिया, इतना प्यार भारत के किसी राजनेता को नहीं मिला।

* वीजा की सारी कठिनाइयों को दूर करूंगा।

* आउट सोर्सिंग सर्विस का दायरा बढ़ाएंगे।

* पीआईओ और ओसीआई को मिलाकर एक स्कीम बनाएंगे, अमेरिकी टूरिस्ट को लंबे समय तक वीजा देंगे।

* पीआईओ कार्ड होल्डर को आजीवन वीजा मिलेगा, अब थानों के चक्कर नहीं लगाने होंगे।

* जनवरी 2015 गांधी जी के भारत आने के 100 साल पूरे हो रहे हैं, इस बार प्रवासी दिवस अहमदबाद में मनाया जाएगा। धरती का कर्ज चुकाने के लिए कोई ना कोई प्रयास करें।

* 2020 में देश प्रत्येक लोगों के पास अपना घर होना चाहिए।

* हम बापू के चरणों में स्वच्छ हिंदुस्तान अर्पित कर सकते हैं।

* गांधी जी ने हमें आजादी दी, हमने उन्हें किया दिया। हम गांधी जी को सबसे प्रिय चीज सफाई दे सकते हैं।

* गंगा साफ और शुद्ध होनी चाहिए, पर्यावरण के लिए गंगा सफाई जरूरी है, देश की 40 फीसदी लोगों की गतिविधि गंगा से जुड़ी हुई है। गंगा साफ हुई तो लोगों को रोजगार मिलेगा।

* मुश्किल काम करने के लिए मुझे पीएम बनाया

* छोटा हूं, मेरा मन छोटे-छोटे कामों में लगता है, छोटे-छोटे लोगों के लिए बड़ा काम करना चाहता हूं

* गवर्नेंस प्रभावी हो और लोगों की आशा-आकांक्षाओं पर खरी उतरे

* पिछली सरकार ने सिर्फ कानून बनाए, मैं आउडडेटेड कानूनों को खत्म कर रहा हूं।

* अब सारी व्यवस्था ऑल लाइन हो गई है। मोबाइल पर सरकार से जुड़ सकते है, अब आप भारत आएं धक्के नहीं खाने पड़ेंगे। भारत का भाग्य बदलने के लिए आप मेरी सरकार के साथ जुड़िए।

* मेक इन इंडिया के लिए सबको निमंत्रण है, भारत से बड़ी अवसर की कोई जगह नहीं है।

* देश भर में जन धन योजना लॉन्च किया, दो सप्ताह के भीतर चार करोड़ बैंक खाता खोले। लोगों ने 1500 करोड़ रुपए बैंक में जमा कराए।

*  नौजवानों का हुनर बढ़ाएंगे और इसके लिए दूसरे देशों की भी मदद लेंगे।

*  हॉलीवुड के एक फिल्म की लागत से कम में हम मंगल पर पहुंच गए, अब अमेरिका-भारत मंगल पर भी बात कर रहे हैं

*  21वीं सदी भारत और एशिया की है

*  भारत 21वीं सदी की दुनिया का नेतृत्व करेगा

*  सवा सौ करोड़ देशवासी हमारी ताकत है, इस पर विश्वास है, विकास को जन आंदोलन बनाएं। हम दुनिया में वर्कफोर्स सप्लाई कर पाएंगे।

*  साफ-सफाई भी देश सेवा है।

*  देश की आजादी के लिए हजारों लोग बलिदान हुए लेकिन महात्मा गांधी ने आजादी को आंदोलन बना दिया। अब जरूरत है हम विकास को जन आंदोलन बनाएं।

*  भाइयों बहनों विकास को जन आंदोलन बनाएं।

*  हजारों मील दूर रहता हूं, लेकिन आपकी पीड़ा को भली-भांति समझता हूं।

*  विकास तब होता जब जन भागीदारी होती है। देश को तरक्की करनी हो तो गुड गवर्नेंस जरूरी है। यह सरकार का काम है।

*  अमेरिका दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, सारी देश के लोग अमेरिका में बसे हैं, भारत के लोग दुनिया के सभी देशों में बसा है।

*  भारत बहुत तेजी से आगे बढ़ने वाला देश है। निराशा की कोई वजह नहीं है। भारत के पास तीन चीजें। पहला लोकतंत्र जो सबसे बड़ी ताकत है। दूसरी ताकत है 35 का युवा देश, तीसरी ताकत है डिमांड। इसी शक्ति के आधार पर भारत नहीं उंचाइयों को पार करेगा।

*  संयोग है भारत दुनिया का सबसे युवा देश है। भारत के पास पुरातन संस्कृति है, भारत नंबर 1 देश बन सकता है।

*  आपलोग भारत से बाहर बैठे हैं, आपको हमसे बहुत अपेक्षाएं है। आप से भी देश को बहुत अपेक्षाएं हैं।

*  भारत के जीवन में आपने क्वालिटी ऑफ लाइफ के लिए जिसे चुना, वो कोई कमी नहीं रखेगा।

*  मैं कोई ऐसा काम नहीं करूंगा, जिसकी वजह से आपको नीचा देखना पड़े

*  जब से चुनाव जीता है तब से 15 मिनट भी छु्ट्टी नहीं ले पाया हूं

* 30 साल बाद भारत में पूर्ण बहुत की सरकार बनी है। चुनाव नतीजों की कल्पना कोई चुनाव पंडित नहीं कर पाया था।

* चुनाव जीतने के बाद जिनको मैं शुक्रिया नहीं कह पाया था, उन्हें आज शुक्रिया कहता हूं।

* हजारों मील दूर रहकर आपलोगों ने भारत का मान बढ़ाया है।

* आईटी ने होता, युवा न होते, आप न होते हम आज भी सांप सपेरों के देश से जाने जाते, सांप सपेरों के देश से अब हमारा देश माउस से खेलने वाला देश बन गया है।

* नवरात्रि का पर्व शुद्धिकरण और समर्पण के भाव को तीव्र बनाने का पर्व है।

* भारत माता की जय और नवरात्र की शुभकामनाओं के साथ मोदी ने भाषण शुरू किया।

* मैडिसन स्क्वॉयर पर मोदी-मोदी के नारे गूंजे।

* मोदी के स्वागत के लिए अमेरिकी सिनेटर स्टेडियम में मौजूद हैं।

*  दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया जा रहा है।

* प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मैडिसन स्क्वॉयर गार्डन पहुंचे।

* रंगारंग कार्यक्रमों में हमारे लोकनृत्यों की झलक दिखाई गई, जय हो और वंदेमातरम गानों का आयोजन किया गया।

* मोदी के सम्मान में रंगारंग कार्यक्रम की प्रस्तुति हो रही है।

* मोदी के प्रशंसक हाथ में तिरंगा लिए दिखे और उन्होंने पारंपरिक भारतीय परिधान पहन रखे हैं। कलाकारों के कई समूह ढोल नगाड़े लिए दिखे जो मोदी का शानदार स्वागत करने आए।

* मोदी का स्वागत करने और उन्हें सुनने के लिए मेडिसन स्क्वायर गार्डेन के बाहर रंग बिरंगे भारतीय परिधान पहने भारतीय मूल के पुरुष, महिलाएं और बच्चों की भीड़ सुबह से जुटनी शुरू हो गई थी। आयोजन स्थल में प्रवेश करने के लिए लोगों की लंबी लाइन लगी हुई थी।

* करीब 18000 मोदी का भाषण सुनने के लिए स्टेडियम पहुंच चुके हैं। बाकी हजारों लोग जो स्टेडियम के बाहर होंगे, उनके लिए बड़े-बड़े टीवी स्क्रीन्स लगाए गए हैं ताकि वे मोदी का भाषण सुन सकें।

* प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण के लिए 360 डिग्री घूमने वाला स्टेज बनाया गया है। वे दुनिया के पहले राष्ट्राध्यक्ष होंगे जो मैडिसिन स्क्वेयर में इस तरह के कायर्क्रम में शिरकत करेंगे।

* माइक्रोसॉफ्ट सीईओ भारतवंशी सत्या नडेला, पेप्सिको की सीईओ इंदिरा नुई और जानेमाने बिजनेसमैन विवेक रणदिवे भी कायर्क्रम में मौजूद रहेंगे।

* कायर्क्रम की एंकरिंग 2013 में मिस अमेरिका चुनी गईं नीना दावुलूरी कर रही हैं।

 * मोदी का संबोधन सुनने के लिए भारतीय-अमेरिकी बेहद उत्सुक हैं और वे इसके लिए कुछ भी करने को आतुर नजर आते हैं। जिन लोगों को टिकट नहीं मिल पाया, वे स्वयंसेवी बनने को तैयार हैं। मुख्य आयोजन स्थल के अलावा पूरे अमेरिका में कम से कम 50 स्थानों पर मोदी के स्वागत समारोह तथा भाषण के सीधे प्रसारण का प्रबंध किया गया है। अमेरिका में भारतीय मूल के लोगों की संख्या 28 लाख है जो यहां की कुल आबादी का करीब एक फीसदी है।

* आयोजकों का कहना है कि इस समारोह के लिए अमेरिका के सभी निर्वाचित अधिकारियों को निमंत्रण भेजा गया था, लेकिन देश में चुनावी मौसम के कारण बहुत सारे लोग आने में असमर्थ हैं। नहीं आ पाने वालों में भारतीय मूल के गवर्नर बॉबी जिंदल भी शामिल हैं।