अलवर। अलवर जिले के मालाखेड़ा में अलवर-जयपुर सड़क मार्ग पर रोडवेज बस और ईंटों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली में आमने सामने की भिड़ंत हो गई। इसमें 3 लोगों की मौत हो गई और 20 लोग घायल हो गये। हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गये। मृतक और घायलों को अलवर के राजकीय राजीव गांधी सामान्य अस्पताल ले जाया गया। इससे अस्पताल में अफरातफरी का माहौल बन गया। जिला कलेक्टर और एसपी समेत आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार हादसा सरिस्का के पास कुशलगढ़ में हुआ। वहां बस अलवर से थानागाजी की तरफ जा रही थी। ट्रैक्टर ट्रॉली अलवर की ओर आ रही थी। इसी दौरान कुशलगढ़ के पास दोनों की की भिड़ंत हो गई। सूचना मिलते ही मालाखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। हालात देखकर पुलिस भी सकते में आ गई। बाद में तत्काल हताहतों को एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। वहां उनका इलाज चल रहा है।
भिड़ंत इतनी जबर्दस्त थी कि रोडवेज बस आगे से पूरी तरह से ट्रॉली में पूरी घुस गई। हादसे के चलते अलवर-जयपुर सड़क मार्ग जाम हो गया और वहां पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। हादसे में तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। घायलों को लगातार इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने घायलों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने और बेहतर इलाज के निर्देश दिये हैं। हादसे को लेकर पुलिस-प्रशासन कुछ भी बोलने से बच रहा है। हादसे की भयावहता को देखते हुये जिला कलेक्टर नन्नूमल पहाड़िया, पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम और थानागाजी विधायक कांति मीणा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने राहत कार्य तेजी से शुरू करवाये। हादसे के कारण मौके पर कोहराम मच गया और वहां भारी भीड़ एकत्र हो गई। हादसे के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस हादसे की जांच में जुटी है।
सड़क हादसा: ट्रैक्टर ट्रॉली में घुसी रोडवेज बस, 3 की मौत, 20 घायल
आपके विचार
पाठको की राय