नई दिल्ली: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने यूजीसी नेशनल एलिजिबिलिटी टेस्ट (यूजीसी-नेट) का बहुप्रतीक्षित परिणाम घोषित कर दिया है। एजेंसी ने कुल 84 विषयों के नतीजे जारी किए हैं, जिसमें देशभर से 6.07 लाख से अधिक उम्मीदवार शामिल हुए थे।

नतीजों में 4 हजार से अधिक JRF के लिए सफल

एनटीए के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, इस परीक्षा के जरिए 4 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने जूनियर रिसर्च फेलोशिप (जेआरएफ) हासिल की है। इसके अलावा 97 हजार से अधिक उम्मीदवार विभिन्न विश्वविद्यालयों और संस्थानों में पीएचडी में दाखिले के लिए योग्य ठहराए गए हैं। यह परीक्षा भारतीय उच्च शिक्षण संस्थानों में असिस्टेंट प्रोफेसर पद की पात्रता और फेलोशिप तय करने के लिए आयोजित की जाती है।

तीन विषयों की परीक्षा होगी दोबारा

जून में आयोजित परीक्षा के बाद समीक्षा के दौरान अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र के प्रश्नपत्रों में कई त्रुटियां पाई गईं। विशेषज्ञ समिति ने इन पेपरों में अनुवाद, टाइपिंग, भाषा और तथ्यात्मक गलतियों की पुष्टि की, जिसके बाद एनटीए ने इन तीन विषयों की परीक्षा रद्द कर दोबारा कराने का निर्णय लिया है।

सितंबर में होगा पुनः परीक्षा का आयोजन

नई दिल्ली स्थित एनटीए मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, इन तीनों विषयों की दोबारा परीक्षा 9 और 10 सितंबर को आयोजित की जाएगी। इसके लिए उम्मीदवारों से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। नई तिथियों के अनुसार अलग से प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) और आवश्यक दिशा-निर्देश जल्द जारी किए जाएंगे।

ऐसे जांचें अपना स्कोरकार्ड

परीक्षार्थी अपना परिणाम जांचने के लिए एनटीए के आधिकारिक वेब पोर्टल का उपयोग कर सकते हैं। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए परिणाम देखने के हेतु दो अलग-अलग लिंक सक्रिय किए गए हैं, जहां वे अपना आवेदन क्रमांक और जन्मतिथि दर्ज कर अंकपत्र डाउनलोड कर सकते हैं।