हाथरस । जीएसएएस बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य कैंप लगाया गया। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ विद्यालय पहुंचकर छात्राओं से संवाद किया और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। कैंप में छात्राओं की आंखों और रक्त की जांच की गई। जिलाधिकारी ने प्रत्येक छात्रा का स्वास्थ्य कार्ड बनाकर समय-समय पर होने वाली जांच का विवरण दर्ज करने के निर्देश दिए।उन्होंने छात्राओं को संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने की सलाह देते हुए हरी सब्जियां, दाल, चना और सलाद को भोजन में शामिल करने तथा मैदा से बने खाद्य पदार्थों का सेवन कम करने को कहा। उन्होंने एनीमिया के लक्षणों को नजरअंदाज न करने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने पर जोर दिया।इस दौरान विद्यालय में जनसहयोग से कराए गए कार्यों का निरीक्षण किया गया। छात्राओं ने प्रोजेक्टर युक्त एक्टिविटी रूम का शुभारंभ किया। व्यवस्था पर जिलाधिकारी ने प्रसन्नता जताई। इस दौरान उपजिलाधिकारी सदर, प्रधानाचार्या, शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्राएं मौजूद रहीं।