सीहोर। मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध सलकनपुर देवी धाम में दर्शन करने आए श्रद्धालुओं के साथ कथित मारपीट और वाहन में तोड़फोड़ का मामला सामने आने से भारी हंगामा मच गया। देवास जिले से पहुंचे पांच युवकों का आरोप है कि विवाद महज 20 रुपये की एंट्री रसीद और ऑनलाइन पेमेंट को लेकर शुरू हुआ था, जिसके बाद मंदिर परिसर में उनके साथ हिंसा की गई।

20 रुपये की रसीद और ऑनलाइन पेमेंट पर विवाद

जानकारी के मुताबिक, देवास से आए पांच युवक अपनी कार से मंदिर के ऊपरी क्षेत्र की ओर जा रहे थे। इस दौरान कर्मचारियों द्वारा 20 रुपये की रसीद मांगने पर युवकों ने ऑनलाइन भुगतान करने की बात कही। कर्मचारियों द्वारा ऑनलाइन पेमेंट लेने से मना करने पर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हो गई। विवाद को आगे न बढ़ाते हुए श्रद्धालुओं ने नकद भुगतान कर दिया और दर्शन के लिए चले गए।

दर्शन कर लौटते ही 20 लोगों ने घेरा, कार में तोड़फोड़

पीड़ित श्रद्धालुओं के अनुसार, दर्शन करने के बाद जब वे अपनी कार के पास पहुंचे तो करीब 20 लोगों ने उन्हें घेर लिया। इसके बाद उनके साथ मारपीट की गई और उनकी कार में जमकर तोड़फोड़ की गई। इस घटना के दौरान वहां से गुजर रहे कुछ अन्य श्रद्धालु भी चपेट में आ गए और चोटिल हो गए, जिससे मंदिर परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

कर्मचारियों पर आरोप, करणी सेना ने दी आंदोलन की चेतावनी

पीड़ितों ने आरोप लगाया है कि हमलावरों में मंदिर समिति से जुड़े कर्मचारी भी शामिल थे। घटना की सूचना मिलते ही सलकनपुर क्षेत्र में तनाव फैल गया। इस मामले पर करणी सेना ने कड़ी नाराजगी जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है और कार्रवाई न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।