ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट के शाहबेरी इलाके में गुरुवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया, जहां फर्नीचर मार्केट स्थित सीएनसी लकड़ी कटिंग की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड से पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। दुकान के अंदर सो रहे दो युवक आग की लपटों और भीषण धुएं के बीच फंस गए। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक वे बेहोश हो चुके थे। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे की नाजुक हालत को देखते हुए उसे दिल्ली रेफर कर दिया गया है।
बिजली बंद कराकर शुरू किया गया रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की जानकारी मिलते ही बिसरख थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। राहत कार्य के दौरान किसी बड़े खतरे से बचने के लिए सबसे पहले विद्युत विभाग से संपर्क कर पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति ठप कराई गई। इसके बाद दमकल कर्मियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर दुकान के अंदर रेस्क्यू अभियान चलाया और अंदर फंसे अल्तमस और अमन नाम के दो युवकों को अचेत अवस्था में बाहर निकाला।
दम घुटने से एक युवक की मौत, दूसरा दिल्ली रेफर
रेस्क्यू किए गए दोनों युवकों को आनन-फानन में पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अल्तमस को मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में मौत की वजह जहरीले धुएं से दम घुटना बताई जा रही है। वहीं दूसरे युवक अमन की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
दमकल की सात गाड़ियां रवाना, एक ने ही पाया आग पर काबू
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) प्रदीप चौबे ने बताया कि घटना के समय दोनों युवक दुकान के भीतर सो रहे थे और धुएं की वजह से बेहोश हो गए। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल विभाग ने कुल सात गाड़ियां मौके के लिए रवाना की थीं। हालांकि, राहत की बात यह रही कि सबसे पहले पहुंची एक ही गाड़ी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर पूरी तरह काबू पा लिया, जिससे बाकी गाड़ियों को इस्तेमाल करने की नौबत नहीं आई।
लाखों के नुकसान की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
दमकल विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद दुकान में लगी आग को पूरी तरह से शांत कर दिया। इस हादसे में दुकान के अंदर रखा फर्नीचर और लकड़ी कटिंग की कीमती मशीनें जलकर खाक हो गई हैं। फिलहाल आग लगने के असली कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की वैधानिक जांच शुरू कर दी है।





