पुणे: महाराष्ट्र के मशहूर लोहगढ़ किले में पुणे के युवा कारोबारी केतन अग्रवाल की सनसनीखेज हत्या के मामले में चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। पुलिस कस्टडी में मुख्य आरोपी और केतन की मंगेतर सिया गोयल ने पूछताछ के दौरान एक ऐसा राज उगला है, जिसने तफ्तीश कर रही टीम को भी हैरत में डाल दिया है। सिया ने कबूल किया है कि केतन के सिर पर बाल नहीं थे और वह विग लगाता था, साथ ही वह थोड़ा हकलाता भी था। सिया को केतन की ये बातें बिल्कुल पसंद नहीं थीं और वह इस शादी से किसी भी कीमत पर पीछे हटना चाहती थी, जिसके चलते उसने अपने प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर मंगेतर को रास्ते से हटाने का खौफनाक प्लान तैयार किया।
शादी तोड़ने के बजाय हत्या का रास्ता लगा आसान, सीसीटीवी न होने का उठाया फायदा
पूछताछ में जब पुलिस ने सिया से पूछा कि उसने शादी से साफ इनकार क्यों नहीं किया, तो उसने बताया कि वह ऐसा करके अपने परिवार वालों को ठेस नहीं पहुँचाना चाहती थी। उसे परिवार को समझाने के बजाय केतन की हत्या करने का रास्ता ज्यादा आसान लगा। सिया ने लोहगढ़ किले के उस ट्रेकिंग रूट को इसीलिए चुना क्योंकि वहाँ कोई सीसीटीवी (CCTV) कैमरा नहीं लगा था। उसका प्लान था कि वह केतन को पहाड़ी से नीचे धक्का दे देगी, जिससे यह पूरा मामला एक हादसा (ट्रेकिंग के दौरान पैर फिसलना) नजर आए और किसी को उस पर शक भी न हो।
सलाखों के पीछे अकेली पड़ी कातिल मंगेतर, मायके से कोई मिलने तक नहीं आया
लोनावाला ग्रामीण पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद से सिया गोयल से मिलने या उसकी सुध लेने अब तक पुलिस थाने कोई नहीं पहुँचा है। सिया के परिवार में उसके माता-पिता और एक भाई हैं, लेकिन इस शर्मनाक वारदात के बाद परिजनों ने उससे पूरी तरह दूरी बना ली है। वहीं दूसरी ओर, इस हत्याकांड के सह-आरोपी और सिया के प्रेमी चेतन चौधरी के पिता अपने बेटे का अपडेट लेने के लिए पुलिस स्टेशन पहुंचे थे।
भाई से पुलिस की पूछताछ, डमी बॉडी के जरिए रीक्रिएट किया जाएगा क्राइम सीन
मामले की गहराई से जांच के लिए लोनावाला ग्रामीण पुलिस ने अब सिया गोयल के भाई को थाने बुलाकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या सिया ने कभी घर में इस शादी को लेकर कोई आपत्ति जताई थी या नहीं।
क्राइम सीन रीक्रिएशन: चूंकि इस मामले में अधिकतर सबूत परिस्थितिजन्य (Circumstantial) हैं, इसलिए पुणे ग्रामीण पुलिस जल्द ही लोहगढ़ किले पर मर्डर सीन को रीक्रिएट करने जा रही है। इसके लिए एक डमी बॉडी (पुतले) का इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे यह सटीक पता लगाया जा सके कि आरोपियों की पोजीशन क्या थी और केतन को किस एंगल से नीचे फेंका गया था।





