दादरी/भिवानी : केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को संघर्षविराम उल्लंघन के मुद्दे पर ‘राजनीति करने पर’ कांग्रेस तथा अन्य दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि इससे बलों का मनोबल गिरा है और उन्होंने लोगों से इन दलों को खारिज करने के लिए कहा।

हरियाणा के दादरी और भिवानी में चुनावी जनसभाओं को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील मुद्दे पर राजनीति करने और हमारे बलों का मनोबल ‘गिराने’ के लिए देश की जनता उन्हें ‘कभी माफ नहीं’ करेगी।

उन्होंने कहा, ‘सीमा पर जब गोलीबारी हो रही थी, कांग्रेस तथा अन्य विपक्षी दल अपनी तुच्छ राजनीति करने में व्यस्त थे। उनके कदमों के कारण हमारे बलों का मनोबल गिरा। देश इसके लिए उन्हें कभी माफ नहीं करेगा।’ कांग्रेस पर और निशाना साधते हुए केन्द्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि संप्रग सरकार के समय में जब पाकिस्तान द्वारा भारतीय सैनिक का सिर काटा तो उन्होंने (संप्रग) पाकिस्तानी सेना की कार्रवाई का बचाव किया।

सिंह ने लोगों से कांग्रेस और अन्य दलों को खारिज करने तथा भाजपा को राज्य की सेवा का मौका देने के लिए कहा।