
वाराणसी । बिहार के बक्सर, यूपी के बलिया, गाजीपुर और चंदौली में गंगा से शव मिलने के बाद काशी में भी सात शव मिले हैं। सभी शवों को निकालकर गंगा किनारे ही गड्ढा कर दफन करा दिया गया। चार दिन में इन पांचों जिलों से करीब ढाई सौ शव अब तक मिल चुके हैं। उधर, भदोही में भी प्रयागराज की तरफ से बहकर आए चार शव दिखाई दिये। हालांकि उन्हें निकाला नहीं जा सका।
वाराणसी में गंगा उस पार सूजाबाद क्षेत्र में गंगा किनारे चार किलोमीटर क्षेत्र में सातों शव दिखाई दिये। पड़ोसी जिले गाजीपुर और चंदौली में शव मिलने के बाद यहां पहले से गंगा किनारे लेखपालों की एक टीम लगायी गई थी। गुरुवार दोपहर राजघाट पुल के नीचे पहला शव दिखा। इसके बाद गंगा किनारे खोज करने पर एक के बाद एक सात शव मिले। इसमें पांच शव पुरुष और दो शव महिलाओं के निकले। सभी शव गंगा में प्रवाहित किये गए थे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी शवों को बाहर निकाला। सूचना पर डीसीपी अमित कुमार, एसीपी प्रवीण कुमार सिंह व तहसीलदार मनोज पाठक भी मौके पर पहुंच गए। गंगा किनारे रेत पर ही दो बड़े गढ्ढे बनाकर सभी शवों को नमक के साथ दफन किया गया। इतनी बड़ी संख्या में शव कब और कहां से आये यह पता कर पाना मुश्किल है। वहीं गंगा में अभी अन्य शवों के मिलने की संभावना बनी हुई है।