
हाल ही में अभिनेता सोनू सूद ने रियलिटी शो 'डांस दीवाने' के एक स्पेशल एपिसोड के लिए शूट किया। शूटिंग के दौरान कंटेस्टेंट उदय सिंह की कहानी सुनकर सोनू काफी भावुक हुए। इतना ही नहीं उन्होंने उदय और उनके पूरे गांव की मदद करने का वादा भी किया। इस स्पेशल एपिसोड में सोनू सूद ने माधुरी दीक्षित की जगह ली थी। इस शो में सोनू के साथ नोरा फतेही भी थीं।
सोनू को बताई आपबीती
उदय सिंह, मध्य प्रदेश के नीमच की एक छोटी से बस्ती से आते हैं। जिनकी जिंदगी प्रति दिन के मेहनताने पर निर्भर है। शो के दौरान, उन्होंने लॉकडाउन की वजह से पूरी बस्ती में रोजगार की कमी और दैनिक मजदूरी प्रभावित होने की बात सोनू से बताई। उन्होंने बताया कि उनकी बस्ती के लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करना मुश्किल हो रहा है। साथ ही उदय ने अपने डांस परफॉर्मेंस को देश के प्रवासियों को समर्पित किया। उनका जूनून देखकर, सोनू भावुक हुए और अपने अनुभव साझा किए कि वे कैसे प्रवासियों की मदद कर रहे थे और लोग कैसे पीड़ित थे।
लॉकडाउन चलने तक राशन देंगे सोनू
इतना ही नहीं, उदय की व्यथा सुनकर सोनू ने तुरंत उदय और उसके पूरे गांव को राशन देने का वादा किया जब तक स्थिति वापस सामान्य नहीं होती। उन्होंने कहा, "उदय मैं आपके गांव के लोगों को बताना चाहता हूं कि लॉकडाउन, चाहे वह एक महीने चले या दो या छह महीने, मैं यह सुनिश्चित करूंगा कि आपके पूरे गांव को राशन मिलता रहे। आप तनाव न लें, कोई भी व्यक्ति वहां भूखा नहीं रहेगा, भले ही लॉकडाउन जारी रहे।"