वेद प्रकाश जबलपुर के निजी अस्पताल में भर्ती, हाउसिंग बोर्ड कमिश्नर भरत यादव को दिया अतिरिक्त प्रभार

वेदप्रकाश 2009 बैच के आईएएस अफसर हैं।

नरसिंहपुर कलेक्टर वेद प्रकाश की मंगलवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें जबलपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वेद प्रकाश पिछले कुछ दिनों से होम आइसोलेशन में थे। CMHO के कोरोना संक्रमित होने के बाद कलेक्टर ने टेस्ट कराया था। इसके बाद खुद को अलग कर लिया था। अब उनके स्वस्थ होने तक एमपी हाउसिंग बोर्ड के कमिश्नर भरत यादव को नरसिंहपुर कलेक्टर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

मंत्रालय सूत्रों ने बताया, कलेक्टर को होम आइसोलेशन के दौरान पिछले 2 दिन से तेज बुखार आ रहा था। इसके चलते उनका सीटी स्कैन किया गया। रिपोर्ट आने के बाद डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें जबलपुर के सिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

भरत यादव को अतिरिक्त प्रभार सौंपे जाने का आदेश।

नरसिंहपुर में कोरोना संकमण रफ्तार पकड़ता जा रहा है। पिछले दिनों जिले के प्रभारी मंत्री गोपाल भार्गव ने जिले के अफसरों के साथ बैठक की थी। राज्य शासन ने अब कलेक्टर वेद प्रकाश की अनुपस्थिति में नरसिंहपुुर कलेक्टर का अतिरिक्त प्रभार एमपी हाउसिंह बोर्ड के कमिश्नर भरत यादव को दिए जाने का आदेश जारी कर दिया है।

इससे पहले भोपाल रेंज के एडीजी ए सांई मनोहर कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। उनके स्वस्थ्य होने तक एसटीएफ में एडीजी विपिन महेश्वरी को भोपाल रेंज का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।