
ममता बोलीं- चुनाव के दिन रैली कैसे कर सकते हैं मोदी? नंदीग्राम से राज्यपाल को फोन कर कहा- EC ने नहीं सुनी तो कोर्ट जाऊंगी
पश्चिम बंगाल और असम की 69 सीटों पर गुरुवार को दूसरे फेज के चुनाव के लिए वोटिंग हुई। बंगाल में हिंसा की कुछ घटनाओं और बूथ कैप्चरिंग के आरोपों के बीच 80% से ज्यादा लोगों ने वोट डाले। चुनाव आयोग के मुताबिक, शाम 6 बजे तक बंगाल में 80.43% और असम में 74.64% मतदान हुआ है। बंगाल में पहले फेज में 79.79% और असम में 72.14% वोटिंग हुई थी।
इस बीच ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह पर बड़े आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि PM मोदी चुनाव वाले दिन पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार कैसे कर सकते हैं? ममता ने आरोप लगाया कि अमित शाह सीधे केंद्र के भेजे सुरक्षाकर्मियों को आदेश दे रहे हैं। ये चुनावी आचार संहिता का उल्लंघन है।
इसके बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी व्हील चेयर पर वहां पहुंचीं और लोगों से बात की। ममता ने कहा कि उत्तर प्रदेश और बिहार से आए लोग माहौल खराब कर रहें हैं। बाहरी गुंडे वोटिंग प्रभावित कर रहे हैं। चुनाव आयोग (EC) से कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने मामले में दखल देने के लिए राज्यपाल से भी बात की और केंद्रीय बलों की शिकायत की। उन्होंने कहा कि अगर चुनाव आयोग ने कार्रवाई नहीं की तो कोर्ट जाऊंगी।
इसके जवाब में PM नरेंद्र मोदी ने बंगाल में ही एक रैली में कहा कि ममता बनर्जी हार मान चुकी हैं। बंगाल के लोगों ने दीदी की सरकार हटाने का फैसला कर लिया है। यहां के लोग अब और ज्यादा इंतजार करने के मूड में नहीं हैं।
शुभेंदु अधिकारी के काफिले पर हमला
बंगाल की हॉट सीट नंदीग्राम के एक पोलिंग बूथ पर जमकर हंगामा हुआ है। यहां पर TMC कार्यकर्ताओं का आरोप है कि उन्हें मतदान नहीं करने दिया जा रहा है। वहीं, नंदीग्राम के कमलपुर के पास BJP उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी के काफिले पर हमला हुआ। हमले में मीडिया की गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है। शुभेंदु ने आरोप लगाया कि यह पाकिस्तानियों का काम है। जय बंगला बांग्लादेश का नारा है। उस बूथ पर एक विशेष समुदाय के मतदाता हैं, जो ऐसा कर रहे हैं।
BJP-TMC ने लगाया बूथ कैप्चरिंग के आरोप
तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने चुनाव आयोग को चिट्ठी लिखकर नंदीग्राम विधानसभा क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाया। उन्होंने लिखा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ बूथों में घुस गई। भाजपा कार्यकर्ता EVM में घालमेल करने और बूथ में धांधली करने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं, भाजपा ने भी कई जगह इसी तरह के आरोप तृणमूल कार्यकर्ताओं पर लगाए हैं।
TMC ने BJP कार्यकर्ताओं पर मोयना सीट के 8 बूथ पर कब्जा करने का भी आरोप लगाया है। पार्टी ने इस मसले पर चुनाव आयोग के पास शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में कहा गया है कि BJP कार्यकर्ता EVM पर कब्जा कर धांधली कर रहे हैं। यहां तैनात CRPF के जवान भी कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
TMC भाजपा के पोलिंग एजेंट की पिटाई का आरोप
इस बीच पश्चिम मेदिनीपुर केशपुर में बूथ संख्या 173 पर तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर भाजपा के पोलिंग एजेंट की पिटाई का आरोप लगाया जा रहा है। पोलिंग एजेंट को अस्पताल ले जाया गया है। भाजपा नेता तन्मय घोष की कार में तोड़फोड़ करने की भी खबर है।