
भोपाल में रविवार रात की बजाय सोमवार सुबह 6.15 बजे जलेगी होली, छिंदवाड़ा में होली के दिन लॉकडाउन
इंदौर में इसी तरह विशाल गेर निकाली जाती है।
इंदौर में भी होली के दिन सोमवार को भी लॉकडाउन करने का प्रस्ताव सरकार को भेजा
भोपाल में रात 8 बजे से बाजार बंद कराने पर शुक्रवार को हो सकता है फैसला
प्रदेश में कोरोना बेकाबू होता जा रहा है। इसकेे बाद और सख्ती की तैयारी है। प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने इंदौर में गुरुवार को सभी वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें होली के चलते संडे के साथ सोमवार को भी लॉकडाउन लगाने का सुझाव दिया। इधर, नाइट कर्फ्यू को देखते हुए भोपाल शहर में रविवार रात की बजाय सोमवार सुबह 6.15 बजे हाेलिका दहन होगा। यह निर्णय भोपाल की हिंदू उत्सव समिति ने लिया है। ऐसा पहली बार होगा जब भोपाल में होलिका दहन रात की जगह सुबह किया जाएगा।
भोपाल क्राइसिस मैनेजमेंट कमेटी ने त्योहारों पर कोरोना गाइडलाइन को लेकर चर्चा की। इसमें होली, शब ए बारात आदि पर मंत्रणा की। रात 10 के बजाय बाजार को 8 बजे से बंद कराने के मुद्दे पर चर्चा हुई लेकिन अंतिम फैसला नहीं हो सका। इसे लेकर 26 मार्च को पुन: चर्चा की जाएगी। इसकी पुष्टि कलेक्टर भोपाल ने की है।
छिंदवाड़ा में शनिवार रात 10 बजे से मंगलवार सुबह 6 बजे तक लगातार 56 घंटों का लॉकडाउन का फैसला किया गया है। उज्जैन में भी कलेक्टर ने संक्रमित बढ़ने पर एक से दो दिन में लॉकडाउन पर फैसला करने की बात कही है।
MP में 6 माह में सबसे ज्यादा केस:24 घंटे में 1885 संक्रमित मिले, 9 लोगों की मौत; भोपाल में क्राइसेस मैनेजमेंट कमेटी ने रात 10 की बजाय 8 बजे से बाजार बंद कराने के संकेत दिए
इंदौर में सोमवार के लॉकडाउन पर फैसला सरकार लेगी
सोमवार के लाॅकडाउन के लिए इंदौर कमिश्नर और कलेक्टर ने भी सहमति जताई है। संडे और मंडे लॉकडाउन का प्रस्ताव तैयार कर राज्य सरकार को भेज दिया। अंतिम निर्णय सरकार स्तर से ही होगा। बता दें कि इंदौर में पहले से ही हर रविवार को लॉकडाउन लगा हुआ है। होली के जुलूस और गेर निकालने पर पहले से ही प्रतिबंध लगा दिया गया है। चिंता इस बात की है कि होली में अगर लोग घरों से बाहर निकलेंगे तो स्थिति और भी बिगड़ सकती है। बीते 24 घंटे में 584 नए संक्रमित मिले हैं। 2 लोगों ने कोरोना से दम तोड़ दिया है।
दूसरी लहर ज्यादा खतरनाक, प्रदेश में सबसे ज्यादा मरीज इंदौर में मिले
प्रदेश में कोरोना की दूसरी लहर काफी खतरनाक है। पिछले 24 घंटे में 1885 नए केस मिले हैं। यह पिछले 6 महीने में एक दिन का सबसे ज्यादा हैं। पिछले 24 घंटे में इंदौर में सबसे ज्यादा 584 नए केस मिले, जबकि भोपाल में 398 और जबलपुर में 109 संक्रमित मिले। इंदौर में 2,523 एक्टिव केस हैं।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश में अब तक 2 लाख 82 हजार 174 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 2 लाख 67 हजार 242 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे में 1885 नए संक्रमित मिले, जबकि 919 मरीज ठीक हुए।
भोपाल में पहली बार:हिंदू उत्सव समिति का निर्णय: नाइट कर्फ्यू के कारण रात के बजाय 29 की सुबह 6.15 होगा होलिका दहन
महाराष्ट्र से नया डबल म्यूटेंट आने की आशंका
सूत्रों का कहना है कि महाराष्ट्र में कोरोना का नया 'डबल म्यूटेंट' आने की संभावना है। यह नया वैरिएंट नागपुर से मध्य प्रदेश में पहुंच सकता है। हालांकि एक सप्ताह से महाराष्ट्र से सड़क मार्ग पर यात्री बसों का परिवहन बंद है, लेकिन निजी वाहनों के अलावा ट्रेन रूट से लोग आ-जा रहे हैं। ऐसे में सख्ती से चेकिंग की जा रही है। बता दें कि कोरोना के नए डबल म्यूटेंट नागपुर के कई काेरोना संक्रमितों में मिला है।
नर्सिंग होम और निजी हॉस्पिटल कोविड 19 के इलाज की दरें निर्धारित
प्रदेश के सभी नर्सिंग होम और निजी हॉस्पिटल को कोविड-19 के इलाज की निर्धारित दरों को काउंटर पर लगाना होगा। यह दरें 29 फरवरी 2020 को अस्पतालों की तरफ से सीएमएचओ को बताई गई दरों से 40 प्रतिशत से अधिक नहीं हो।