
भोपाल। निशातपुरा थाना इलाके में शराब के नशे में छत पर सोने गये युवक की पास की छत पर गिरने से जान चली गई।
थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 30 वर्षीय अजय मीना माता-पिता सहित पूरे परिवार के साथ पहले बिलखिरिया इलाके में रहता था। निजी काम करने वाला अजय करीब सात साल पहले प्रेम विवाह करने के बाद परिवार से अलग होकर पत्नि और दो बच्चो के साथ कृषक नगर में आकर किराये से रहने लगा था। मेहनत-मजदूरी करने वाले अजय को शराब पीने की लत थी। बीते कुछ महीनों से वह काफी अधिक शराब पीने लगा था, और पैसै न होने पर वह उधार लेकर शराब पीने लगा था। बताया गया है कि मंगलवार को उसने शराब के लिये पैसै न होने पर अपनी पत्नी का मोबाइल गिरवी रख दिया था। इस बात को लेकर उसका पत्नी से विवाद हो गया, गुस्साई पत्नि बच्चो को लेकर नबीबाग स्थित अपने मायके चली गई थी। रात के समय शराब के नशे में अजय दूसरी मजिंल पर छत पर सोने गया था। लोगो ने बताया कि छत पर भी उसने और शराब पी थी। रात में वह पीछे बने मकान की छत पर गिर गया। इस मकान में फिलहाल कोई रहता नहीं है। अगले दिन दोपहर के समय आसपास के लोगो ने छत पर अजय को बेसूध पड़े देख इसकी सूचना मकान मालिक को दी। बाद में खबर मिलने पर पहुंची पुलिस ने जॉच के बाद मर्ग कायम कर शव को पीएम के लिये भेज दिया। अनुमान है कि नशे की हालत में मृतक का संतुलन बिगड़ने से वह पास की छत पर गिर गया। हादसे में उसके सिर में घातक चोंटे आने से उसकी मौत हो गई। फिलहाल मामला कायम कर पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है।