
ज्योतिरादित्य खेमे के 6 मंत्रियों से ज्यादा बजट शिवराज-भाजपा के 3 मंत्रियों का, इंदरसिंह के बाद सबसे ज्यादा महेंद्र सिंह सिसौदिया को
शिवराज खेमे को सिंधिया से ज्यादा बजट दिया गया है।
सिंधिया के 6 मंत्रियों को मिले कुल 54,442 करोड़ रुपए, जबकि CM शिवराज सिंह के मंत्रियों काे बजट दिए गए 67,646 करोड़ रुपए
वित्तमंत्री जगदीश देवड़ा ने मंगलवार को बजट पेश किया। शिवराज सिंह और ज्योतिरादित्य सिंधिया के 6 बड़े मंत्रियों के लिहाज से बजट में बंटवारा देखें, तो शिवराज के खेमे ने बाजी मारी है। सबसे ज्यादा बजट शिवराज सिंह के मंत्रियों को आवंटित किया गया है। देखा जाए, तो ज्योतिरादित्य के सभी 6 मंत्रियों से ज्यादा शिवराजसिंह के टॉप 3 मंत्रियों का ही बजट है। एक घंटे 16 मिनट के भाषण में 2.40 लाख करोड़ का अनुमानित बजट है।
सबसे ज्यादा फोकस स्कूली शिक्षा पर है। इस विभाग को 25,953 करोड़ रुपए आवंटित हैं। दूसरे नंबर पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को दिया गया है। सिंधिया के मुख्य 6 मंत्रियों को कुल 54,442 करोड़ रुपए मिले हैं। वहीं, शिवराज सिंह खेमे के 6 मंत्रियों को 67,646 करोड़ रुपए दिए गए हैं। इस लिहाज से शिवराज सिंह के मंत्रियों को 13,204 करोड़ बजट ज्यादा दिया गया है।
सिंधिया खेमे को मिला बजट
शिवराज सरकार में सिंधिया गुट के 8 मंत्री हैं। इनमें मुख्य रूप से गोविंद सिंह राजपूत, महेंद्र सिंह सिसौदिया, प्रदुम्मनसिंह तोमर, तुलसी सिलावट, प्रभूराम चौधरी और बृजेंद्रसिंह यादव हैं। इनमें सबसे ज्यादा बजट पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री को 17,042 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं। वहीं, सबसे कम राजस्व एवं परिवहन मंत्री को 2078 करोड़ रुपए दिए गए हैं। दूसरे स्थान पर ऊर्जा मंत्री प्रद्दुम्मन सिंह तोमर हैं, जिन्हें 12,183 करोड़ रुपए मिले हैं।
शिवराज गुट के मंत्रियाें काे आवंटित बजट
सरकार में बाकी मंत्री शिवराज गुट के हैं। इनमें मुख्य रूप से गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा, इंदरसिंह परमार, भूपेंद्र सिंह, गोपाल भार्गव, विजय शाह, यशोधरा राजे सिंधिया हैं। इनके खाते में कुल 67,646 करोड़ रुपए दिए गए हैं। इनमें सबसे ज्यादा स्कूली शिक्षा मंत्री इंदरसिंह परमार को 25,953 करोड़ रुपए मिले हैं। वहीं, सबसे कम वनमंत्री विजय शाह को 1,614 करोड़ रुपए मिले हैं।