गाजीपुर बॉर्डर। कृषि कानून के खिलाफ कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी दूसरी बार उत्तरप्रदेश दौरे पर पहुंची हैं और पंचायतों में शामिल हो किसानो को संबोधित कर रही हैं। हालांकि भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने प्रियंका गांधी के पंचायतों में शामिल होने पर कहा कि, वह पंचायत में जा रहीं है तो हम किसको रोक सकते हैं, पंचायत करनी चाहिए सबको। टिकैत ने कहा कि, ‘हम थोड़ी महापंचायत करा रहे हैं। वे अपनी पंचायत कर रहें होंगे, हमारी यूनियन की नहीं है। टिकैत ने कहा कि, ‘कोई जा रहा है और पंचायत का नाम ले रहा है तो पंचायत शब्द पर बैन थोड़ी न है, पंचायत सभी को करनी चाहिए।’ इससे पहले, 10 फरवरी को प्रियंका गांधी ने सहारनपुर के चिलकाना में किसान महापंचायत को संबोधित किया था और अब वे यूपी के बिजनौर पहुंची हुई हैं। बिजनौर में किसान महापंचायत को संबोधित कर रहीं प्रियंका गांधी ने सोमवार को कहा, 'जिस किसान का आप अपमान कर रहे हैं उसका बेटा सीमा पर आपकी सुरक्षा कर रहा है, आपको उनका अपमान करने का हक नहीं है।’ केन्द्र के नए कृषि कानूनों पर कांग्रेस नेता ने कहा, 'प्रधानमंत्री जी आपने जो यह कानून बनाया है, उससे देश का किसान, इस देश का गरीब संकट में है, रो रहा है अपना अधिकार मांग रहा है। आप उस कानून को वापस लीजिए, इन कानूनों को रद्द कीजिए। जिन्होंने आपको सत्ता दी है उनका आदर कीजिए, उनको अपमानित मत कीजिए।'