भोपाल। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की आलोचना करते हुए कहा कि वे केवल कांग्रेस के कारण ही इस ऊंचाई तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस ही थी, जिसने देश की आजादी के लिए लड़ाई लड़ी और भारत के संविधान की रक्षा की।मध्य प्रदेश के सागर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए खरगे ने कहा कि 1956 में देश की साक्षरता दर 18.3 प्रतिशत थी, जिसे कांग्रेस ने 2014 में 74 प्रतिशत तक पहुंचाया।
उस समय महिला साक्षरता सात प्रतिशत थी, जो 2014 तक 65 प्रतिशत तक पहुंच गई।आज मैं आपको बताऊंगा कि कांग्रेस ने 70 साल में क्या किया है। नरेन्द्र मोदी और शिवराज सिंह चौहान, आज अगर आप प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री हैं तो कांग्रेस की वजह से हैं। कांग्रेस ने हर वर्ग के लोगों को ध्यान में रखकर संविधान बनाया।
खरगे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उस बयान पर प्रतिक्रिया दे रहे थे, जिसमें उन्होंने कहा था कि कांग्रेस को जवाब देना चाहिए कि उन्होंने पिछले 53 वर्षों में मध्य प्रदेश में क्या किया है। गौरतलब है कि शाह ने कांग्रेस से मध्य प्रदेश में 53 साल के शासन (1956 से 2003 तक) की रिपोर्ट पेश करने को कहा है। उसी पर प्रतिक्रिया देते हुए खरगे ने मंगलवार को मध्य प्रदेश में कांग्रेस सरकार के दौरान हुए कई विकास गिनाए।