
नई दिल्ली । तमिलनाडु पहुंचे कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर किसानों के खिलाफ साजिश रचने के आरोप लगाए हैं। राहुल यहां पोंगल मनाने और जल्लीकट्टू कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। राहुल गांधी ने आरोप लगाए हैं कि सरकार कुछ लोगों की मदद करने के लिए किसानों के खिलाफ साजिश कर रही है। उन्होंने कहा, 'सरकार उन्हें केवल नकार नहीं रही है, बल्कि 2-3 दोस्तों को फायदा पहुंचाने के लिए उन्हें बर्बाद करने की साजिश कर रही है। वे किसानों की चीजों को अपने 2-3 दोस्तों को देना चाहते हैं। यही है, जो हो रहा है। उन्होंने कहा, 'जो सामने हो रहा है उसे समझने के लिए नजरअंदाज शब्द भी काफी कमजोर है।
राहुल गांधी ने कहा, 'इस देश के किसान इस देश की रीढ़ की हड्डी हैं। अगर कोई यह सोचता है कि आप किसानों को दबा लोगे और देश समृद्ध बना रहेगा, तब उन्हें इतिहास देखने की जरूरत है। जब-जब भारतीय किसान कमजोर हुआ है, भारत कमजोर हुआ है। उन्होंने कहा, 'आप किसानों को दबा रहे हैं। आप मुट्ठीभर व्यापारियों की मदद कर रहे हैं। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने इस दौरान केंद्र सरकार को कोरोना के मुद्दे पर भी घेरकर कहा, 'जब कोरोना आया, तो आप आम आदमी की मदद नहीं कर रहे थे। आप किसके प्रधानमंत्री हैं? क्या आप भारत की जनता के प्रधानमंत्री हैं या 2-3 चुने हुए कारोबारियों के।
राहुल ने दावा किया है कि सरकार को यह कानून वापस लेना होगा। उन्होंने कहा, मेरे शब्दों को याद रखना, सरकार इन कानूनों को वापस लेने पर मजबूर हो जाएगी। याद रखना जो मैंने कहा है। सरकार और किसानों के बीच 15 जनवरी यानि शुक्रवार को 9वें दौर की बैठक होने जा रही है। राहुल ने सरकार पर चीन मामले पर भी सवालिया निशान लगाकर कहा, 'हमारे इलाके में चीन क्या कर रहा है? क्यों चीन के लोग हमारे इलाके में बैठे हैं? क्यों प्रधानमंत्री के पास इस मुद्दे पर बोलने के लिए कुछ नहीं है? क्यों प्रधानमंत्री इस तथ्य को लेकर शांत बैठे हैं कि चीनी टुकड़ियां भारतीय इलाके के अंदर मौजूद हैं।