
नागापट्टिनम। श्रीलंकाई नौसेना ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा का उल्लंघन करने और उनकी सीमा में अवैध रूप से मछली पकडऩे के मामले में गुरुवार मध्यरात्रि 7 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया।
तमिलनाडु मत्स्यकी विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि नागापट्टिनम जिले के नांबियार नगर इलाके के निवासी सत्यन, वंजीनाथन, मुरूगन, अनामलाई, राजेश, मोहन और सुब्रमण्यम मछली पकडऩे के लिए कल सुबह समुद्र में गए थे।
वे जब कोडिअक्कराई तट के दक्षिण पूर्व में मछली पकड़ रहे थे, तभी श्रीलंकाई गश्ती नौका पर सवार सैनिकों ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। नौसैनिक मछुआरों को पूछताछ के लिए उनकी नौका के साथ कनकेसंथुरई बंदरगाह ले गए हैं।
इसके साथ ही श्रीलंकाई नौसेना की गिरफ्त में मौजूद भारतीय मछुआरों की संख्या 35 हो गई है। इस बीच मछुआरों की गिरफ्तारी के विरोध में नांबियार नगर के मछुआरे आज सुबह से भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से मछुआरों की जल्द और सुरक्षित रिहाई के लिए तत्काल कदम उठाने की अपील की है।