
बीजिंगः चीन के झेजियांग प्रांत में "चान होम" तूफान तबाही मचाने के लिए पहुंच गया है। भारी बारिश और हवाएं चल रही हैं। तूफान की चपेट में आए चीन के झेजियांग प्रांत में 11 लाख लोग अपने घर छोड़ने के लिए मजबूर हो गए हैं।
राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (एन.एम.सी.) ने तूफान से पहले ही रेड अलर्ट जारी किया था। तूफान का केंद्र पूर्वी चीन सागर में झेजियांग प्रांत से 235 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में था। यह 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है।
झेजियांग प्रांत के प्रशासन ने बताया कि तूफान के कारण सरकार को 410 मिलियन डॉलर (लगभग 2590 करोड़ रूपए) का नुकसान हुआ है। वहीं 51,000 जहाजों को बंदरगाह पर वापस बुलाया गया, 459 हवाई उड़ानें रद्द की गईं और 100 ट्रेनों का परिचालन रोका गया।
एन.एम.सी. के अनुसार, यह 1949 के बाद झेजियांग में आया, सबसे शक्तिशाली तूफान साबित हो सकता है। ताइवान से झेजियांग तक नौका मार्ग गुरूवार से ही बंद हैं। बस और रेल सेवाएं भी बाधित हैं।
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि जिस तरह तूफान उत्तर-पश्चिम की ओर तेजी से बढ़ रहा है, उससे यह कुछ ही घंटों में पहुंच जाएगा। वहां लोगों को अलर्ट कर दिया गया है।