मैदुगुरीः उत्तर पूर्वी नाइजीरिया के गांवों में संदिग्ध बोको हरम के आतंकवादियों ने घरों और मस्जिदों पर हमला कर तकरीबन 150 लोगों को मौत के घाट उतार दिया है।
इस हमले में बोरनो राज्य के 3 दूर-दराज वाले गांवों में दर्जनों आतंकवादियों ने हमला बोल दिया और नरसंहार करते हुए घरों में आग लगा दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आतंकवादियों ने मस्जिदों में नमाज पढ़ते पुरुषों और बच्चों को मार डाला तथा घरों में खाना पकाती महिलाओं को गोली मार दी।
मैदुगुरी से बचकर निकले एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी बाबामी अलहाजी कोलो ने बताया कि हमला बोरनो राज्य की राजधानी में हुआ और बुधवार की शाम 50 से ज्यादा आतंकवादियों ने गांव पर हमला बोल दिया था। बंदूकधारियों ने लगभग 97 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी।
कोलो ने कहा, "उन्होंने मेरे सगे चाचा के परिवार को तबाह कर दिया। उन्होंने उनके साथ उनके पांच बच्चों को मार दिया और उनके पूरे घर को जला दिया। हमले का गवाह रहे एक मछुआरे ने मरने वालों की संख्या बताई।"
गौरतलब है कि मई में राष्ट्रपति मुहम्मदू बुहारी के सत्ता में आने के बाद आतंकी संगठन का यह भीषण हमला था।





