
ग्वालियर में दहेज के लिए बहू को मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना देने के दो नए मामले सामने आए हैं। दोनों ही मामलों में बहू को दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल में छेड़छाड़ और प्रताड़ना का सामना करना पड़ा है। जब महिलाओं ने विरोध किया, तो उनको घर से बाहर निकाल दिया गया। दोनों ही मामलों में महिला थाने में शिकायत की गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पति ने ज्यादती की, ससुर ने छेड़ा, सास बोली- सब चलता है
पुरानी छावनी निवासी महिला ने शिकायत की है कि उसकी शादी वर्ष 2019 में आंतरी के रहने वाले युवक से हुई थी। कुछ माह बाद तक सब ठीक रहा, लेकिन उसके बाद पति और ससुराल वाले मायके से दहेज में 5 लाख रुपए की मांग करने लगे। इसके बाद पति सहित ससुराल वाले उसकी मारपीट करने लगे। पति उसे यातना देने के लिए अप्राकृतिक कृत्य करने लगा।
यही नहीं, ससुर उसे नहाते हुए देखने की कोशिश करने लगा। जब यह बात उसने सास को बताई तो वह बोली- शादी के बाद सब चलता है। घर की बात घर में ही रहना चाहिए। जब विरोध किया तो मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीड़ित ने एक सप्ताह पहले महिला थाने में शिकायत की थी। पुलिस ने 11 सितंबर को महिला के पति, सास, ससुर पर दहेज प्रताड़ना, ससुर पर छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया है।
पति ने दिखाई हैवानियत, देवर ने भुला दिए रिश्ते
उपनगर मुरार के मोहनपुर निवासी 25 वर्षीय महिला ने शिकायत की है कि एक साल पहले उसका विवाह हुआ था। पति शादी में कम दहेज लाने पर ताने मारता था। यही नहीं, उसके साथ अप्राकृतिक कृत्य करता था। जब विरोध किया तो जान से मारने की धमकी दी। इसकी शिकायत सास-ससुर से की तो उन्होंने बेटे का पक्ष लेते हुए कहा कि इस घर में रहना है, तो बेटे के हिसाब से रहना होगा। इसी बीच देवर वहां आया और उसकी मारपीट कर दी।
इसके बाद दो दिन पहले जब वह किचन में काम कर रही थी, तो देवर ने छेड़छाड़ कर दी। विरोध किया तो पिटाई की। इसके बाद महिला मायके आई और महिला थाना में शिकायत की है। शनिवार को मामले में भी FIR दर्ज की गई है।
पुलिस का कहना
दो महिलाओं ने दहेज प्रताड़ना और ससुराल में छेड़छाड़ की शिकायत की है। दोनों ही मामलों में FIR दर्ज कर ली गई है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जा रही है।
शैलजा गुप्ता, प्रभारी, महिला थाना