
जयपुर । राजस्थान पंचायतीराज चुनाव में भाजपा के शानदार सफलता को लेकर प्रदेश भाजपा मुख्यालय पर कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया की उपस्थिति में एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और पटाखे चलाकर जश्न मनाया। डॉ. पूनिया ने राजस्थान के 6 जिलों में हुए पंचायतीराज चुनाव में जनता जनार्दन ने जो विश्वास भाजपा पर जताया इसके लिए राजस्थान की जनता का आभार जताया। भाजपा के समस्त कार्यकर्ताओं को इस शानदार जीत के लिए शुभकामनाएं दी। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने जयपुर, सिरोही और भरतपुर में भाजपा के जिला प्रमुख बनने पर तीनों जिला प्रमुखों व 6 जिलों में पार्टी के प्रधानों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
भाजपा प्रदेश मुख्यालय में डॉ. पूनिया ने मीडिया से बातचीत में कहा कि, यह परिणाम उन लोगों को सीधा-सीधा जवाब है जो भाजपा की हार में अपनी जीत देखते हैं। इस जीत को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृहमंत्री अमित शाह और प्रदेश भाजपा के समस्त कार्यकर्ताओं के चरणों में समर्पित करता हूं, यह मोदी सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों व पार्टी के राष्ट्रवाद के विचार की जीत है। डॉ. पूनिया ने कहा कि, पीसीसी अध्यक्ष ने दावा किया था कि भाजपा को जीत का टोटा पड़ जाएगा और कांग्रेस सभी 6 जिलों में जिला प्रमुख बनायेगी, उनका यह दावा विफल हो गया। उनका अंक गणित और ज्योतिष खराब है। डॉ. पूनिया ने पंचायत और जिला परिषद चुनाव में भाजपा की जीत पर कहा कि यह 2023 का ट्रेलर है। आम तौर पर इस तरह के चुनाव में सत्ताधारी दल की इकतरफा जीत होती है। मगर जनता ने जनविरोधी कांग्रेस सरकार के खिलाफ मैंडेट दिया है। कांग्रेस पार्टी 99 के फेर में फंसकर रह गई है। इस जीत से साफ हो गया है कि जमीनी पकड़ के साथ अब भाजपा कार्यकर्ता रणनीतिक तौर पर भी मजबूत हो गया है।
पूनिया ने कहा कि कांग्रेस पर 900 चूहे खाकर बिल्ली हज को चली वाली बात चरितार्थ होती है। आर्टिकल 356 का सबसे ज्यादा दुरुपयोग कांग्रेस ने किया, तब लोकतंत्र कहां था। वर्तमान में वोट की चोट कांग्रेस को धरातल पर ले जाएगी और जनता 2023 में राजस्थान को कांग्रेस मुक्त कर देगी। कांग्रेस में आंतरिक लोकतंत्र खत्म हो गया है। उन्होंने कहा कि, इन चुनावों में कांग्रेस को जोर का झटका धीरे से लगा है। अब तक कांग्रेस के नेता इन चुनावों में खेला होने की बात करते थे, लेकिन अब कांग्रेस के साथ ही इन चुनावों में खेला हो गया।