श्रावस्ती जिले में नेशनल हाइवे पर शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में चार महिलाएं और एक पुरुष है। हादसे में एक साल का बच्चा सुरक्षित है। उसे खरोंच तक नहीं आई। 3 लोग गंभीर हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मृतक और घायल सभी एक परिवार के हैं। ये बहराइच में दरगाह से जियारत कर लौट रहे थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताया है।

हाईवे पर रखी ईंट पर चढ़ा टेंपो का पहिया, बेकाबू होकर पलटा
थाना इकौना क्षेत्र में तहसील के पास शुक्रवार रात करीब 10 बजे ईंट लदी ट्रैक्टर ट्राली हाईवे पर पंचर हो गई। ड्राइवर ने ट्राली का पहिया निकालकर आसपास ईंटें लगा दी और पंचर बनवाने चला गया। तभी बहराइच से टेंपो हाशिमपारा के पेडिया गांव जा रहा था। उसमें एक ही परिवार के करीब 9 लोग सवार थे। सामने से ट्रक की लाइट पड़ने से टेंपो ड्राइवर की आंखें बंद हो गईं। वह देख नहीं पाया और टेंपो ईंट पर चढ़कर पलट गया। ट्रक के पलटते ही सामने से आ रहा ट्रक टेंपों को रौंदता हुआ निकल गया।

हादसे में इनकी हुई मौत

हादसे में निजाम (35) पुत्र समीउल्लाह, किताबुन निशा (70) पत्नी समीउल्लाह, रुबीना (25) पुत्री अकरम, साफिया (50) पुत्री इलाही और प्रवीन (25) पुत्री रईश की मौत हो गई। जबकि सायरा बानो (40) पत्नी अकरम, आसमां (25) पत्नी शाहिद और टेंपो ड्राइवर बसीयूद्दीन गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि एक साल का बच्चा सुरक्षित बच गया।

दरगाह शरीफ से लौट रहा था परिवार
हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल पर जांच पड़ताल की। शव कब्जे में लेकर पोस्टर्माम के लिए भेजा। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। ट्रक ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी। वहीं सूचना पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार मौर्य ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया।