मुख्यमंत्री शिवराज सिंह और उनकी पत्नी साधना सिंह आज सुंदर सेवाश्रम में पली बढ़ी 3 बेटियों की कन्यादान करेंगी। विदिशा में उनके आस्था के केंद्र बाढ़ वाले गणेश मंदिर पर सुंदर सेवाश्रम में पली बढ़ी 3 बेटियों प्रीती, राधा और सुमन का विवाह होगा। बुधवार को माता पूजन और मेहंदी की रस्म हुई। इस दौरान साधना सिंह भी मौजूद रहीं। उन्होंने कहा कि दायित्व कभी पूरा नहीं होता है। क्योंकि बेटियां हैं। मां कभी इन्हें कभी छोड़ नहीं सकती है। गोद लिए तीन बेटियों के विवाह की तैयारियों का जायजा लेने बुधवार देर रात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी विदिशा पहुंचे। जहां तीनों बेटियों से बातचीत की।
मुख्यमंत्री पत्नी के साथ करेंगे कन्यादान
3 बेटियों प्रीती, राधा और सुमन की शादी की तैयारियां शिवराज सिंह चौहान की पत्नी साधना सिंह ने करवाई है। उन्हीं का जायजा लेने मुख्यमंत्री पत्नी के साथ सुंदर सेवा आश्रम पहुंचे थे। जहां तीनों बेटियों से बातचीत किया और आशीर्वाद दिया। आज पत्नी साधना सिंह के साथ तीनों बेटियों का कन्यादान करेंगे।
CM बोले- दो-ढाई साल की थी तब लेकर आए थे बेटियों को
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का कहना है कि मैं बेटियों से मिलने आया था। साधना तैयारियों में लगी हुई हैं। शादी के बाद उनकी विदाई होगी। इन बेटियों को हम साल 1998 में लेकर आए थे। जो दो-ढाई साल की थीं।
सांसद रहते हुए मिली थीं बच्चियां
1998 में जब शिवराज सिंह विदिशा सांसद थे। तब क्षेत्र में भ्रमण के दौरान उन्हें इन बच्चियों के बारे में ग्रामीणों ने बताया, तो शिवराज सिंह इन बच्चियों को अपने सुंदर सेवाश्रम ले आए और इन्हें बेटियों की तरह लालन पालन किया और धूमधाम से शादी की। सुंदर सेवाश्रम में कुल 7 बच्चियां रही। इन्हें जब आश्रम लाया गया। तब किसी की उम्र डेढ़ साल तो किसी की 3 साल थी। इन तीनों की शादी के साथ ही सभी बच्चियों के विवाह संपन्न हो जाएंगे।